सोनभद्र में भीषण हादसा: प्रधानाचार्य समेत तिलक से लौट रहे 3 को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत

सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों की ली जान


सोनभद्र, 9 फरवरी। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिन्दुआरी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक पर कुल तीन लोग सवार थे, जो किसी तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हिन्दुआरी के पास पहुंची, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे में जान गंवाने वालों में चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह भी शामिल हैं। उनके साथ बाइक पर सवार दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई, जिनकी पहचान हिन्दुआरी गांव निवासी प्रेम सिंह पुत्र केदार सिंह और कमला सिंह पुत्र सोमरू निवासी तिलया थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। तीन लोगों की एक साथ मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

इससे पहले सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र में डिबुलगंज स्थित मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 18 वर्षीय जितेंद्र विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजय गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,124
Messages
5,156
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top