प्रशांत किशोर ने छेड़ी "बिहार नवनिर्माण यात्रा", संगठन को जमीन से जोड़कर हर जिले में देंगे नई पहचान

प्रशांत किशोर ने शुरू की बिहार नवनिर्माण यात्रा, सभी जिलों में होगा संगठन का पुनर्गठन


बेतिया, 8 फरवरी। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से “बिहार नवनिर्माण यात्रा” की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है, जिसके लिए संगठन लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रहा है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी जन सुराज जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद है और “बिहार नवनिर्माण अभियान” के तहत हर जिले में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पुराने साथियों से मिलना, नए लोगों को जोड़ना और संगठन के ढांचे को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे संगठन के साथियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करने और हर जिले में संगठन का पुनर्गठन करने के उद्देश्य से इस यात्रा पर निकले हैं। प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार द्वारा चुनाव के दौरान महिलाओं को दो लाख रुपये देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जन सुराज का संगठन घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर महिला को यह राशि मिले।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह वादा पूरा नहीं करती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह घोषणा केवल चुनावी लाभ के लिए की गई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं को जल्द से जल्द दो-दो लाख रुपये की राशि दी जाए।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार इस वादे को पूरा नहीं करती है, तो जन सुराज जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा। राजद और कांग्रेस गठबंधन में मतभेद को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता ने चुनाव में सभी की भूमिका तय कर दी है।

उन्होंने कहा कि एनडीए को सरकार चलाने का जनादेश मिला है, तो राजद को विधानसभा में विपक्ष की भूमिका दी गई है। जन सुराज को समाज के बीच रहकर जनता के मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जन सुराज पूरी ईमानदारी के साथ उसी जिम्मेदारी को निभा रहा है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,376
Messages
15,413
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top