अनुपम खेर का खोया क्रेडिट कार्ड लेकर घर पहुंचा गार्ड, लाखों के नुकसान से बचाकर अभिनेता का दिल जीता

गार्ड की ईमानदारी ने जीता दिल, अनुपम खेर ने सुनाया खोया क्रेडिट कार्ड वापस मिलने का किस्सा


मुंबई, 8 फरवरी। हिंदी सिनेमा के बहुमुखी प्रतिभा के धनी अनुपम खेर सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाली वीडियो शेयर करते रहते हैं, जो उनके आस-पास के लोगों के जीवन पर आधारित होती हैं।

अभिनेता वीडियो में हमेशा दूसरों की मदद की बात करते हैं, लेकिन अब खुद उन्होंने अपनी जिंदगी के मसीहा से लोगों को मिलवाया, जिन्होंने उनका लाखों का नुकसान होने से बचा लिया है।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वे एक अंजान शख्स के साथ दिख रहे हैं और उन्हें दिल से धन्यवाद भी दे रहे हैं। ये वही शख्स हैं जिन्होंने अभिनेता को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया है। दरअसल, कुछ दिन पहले अनुपम खेर का क्रेडिट कार्ड कभी गिर गया था और वे उस वजह से काफी परेशान थे। ऐसे में गार्ड की नौकरी कर रहे शख्स को अभिनेता का कार्ड मिला, तो वह ढूंढते उनके घर पहुंच गया। अभिनेता ने कार्ड को वापस लौटाने आए शख्स के साथ की बातचीत का ही वीडियो पोस्ट किया है।

वीडियो के कैप्शन में अभिनेता ने लिखा, "ईमानदारी जिंदा है! पिछले हफ्ते मॉर्निंग वॉक के दौरान मेरा क्रेडिट कार्ड कहीं गिर गया। बहुत ढूंढने पर भी नहीं मिला! वापस घर पहुंचा तो जनाब संजय यादव, जो कि नज़दीक कहीं गार्ड हैं, उन्हें मिला था! वो जैसे-तैसे पूछते हुए मेरे घर तक पहुंच गए और मुझे वापस दे दिया! मजेदार और दिल को छू लेने वाली बात ये थी कि वो अपनी ईमानदारी को लेकर कमाल के कैजुअल थे। मैंने जब तारीफ की तो बोले, 'इसमें कौनसी बड़ी बात है!' वाह! यादव जी! बहुत अच्छा लगा! जय हो!"

अभिनेता को जब भी मौका मिलता है, वे ऐसी प्रेरित करने वाली वीडियो को पोस्ट करते हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान सिक्योरिटी गार्ड को फोन भी गिफ्ट किया था। सिक्योरिटी गार्ड के पास कीपैड वाला फोन था और उसे अभिनेता के साथ फोटोज क्लिक करानी थी। ये देखकर अभिनेता ने उनके लिए कैमरे वाला टच फोन ऑर्डर किया था। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया था और सभी ने उनकी जमकर तारीफ भी की थी।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,075
Messages
5,107
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top