77/6 के बाद सूर्या का 'अकेले लड़ो' मंत्र, बताया कैसे पलटी हारी बाजी और बने जीत के हीरो

77 पर 6 विकेट गंवाने के बाद किसी बल्लेबाज का अंत तक खेलना जरूरी था: सूर्यकुमार यादव


मुंबई, 7 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया है। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएसए को 29 रन से हरा दिया। टीम इंडिया के जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 49 गेंद पर नाबाद 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। भारतीय कप्तान को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "टीम जब 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, तो मुझे लगता था कि एक बल्लेबाज को अंत तक खेलने की जरूरत है। मुझे कभी नहीं लगा कि यह 180-190 विकेट है। मुझे लगा कि यह 140 विकेट है। गौती भाई ने 14 ओवर के बाद ब्रेक के दौरान मुझसे यही बात कही। उन्होंने कहा कि आखिर तक बल्लेबाजी की कोशिश करो, तुम इसे कभी भी कवर कर सकते हो।"

भारतीय कप्तान ने कहा, "मैंने अपना बहुत सारा क्रिकेट मुंबई में, इस विकेट पर और मुंबई क्रिकेट के मैदानों पर खेला है। इसलिए मुझे पता है कि इस तरह के विकेटों पर कैसे बल्लेबाजी करनी है। मैं बस गिनता रहा कि उस समय कौन गेंदबाजी करने वाला है और देखता रहा कि कितनी गेंद बची हैं, और मैं बस अच्छे और अपने शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था।"

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी निराशाजनक रही थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाकर भारत का स्कोर 161 रन तक पहुंचाया।

यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई।

भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 3, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को 1 विकेट मिला।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,333
Messages
15,370
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top