अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण: भारत बना रहा अभेद्य रक्षा कवच, LG बोले- यह है आत्मनिर्भर शक्ति का प्रतीक

अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण, भारत की मजबूत रक्षा क्षमता का प्रतीक: एलजी कविंदर गुप्ता


जम्मू, 7 फरवरी। भारत द्वारा अग्नि-3 मिसाइल के सफल परीक्षण पर प्रतिक्रिया देते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने इसे देश की मजबूत होती रक्षा क्षमता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार डिफेंस सेक्टर में देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह गंभीर है। खासतौर पर भारत में बने रक्षा उपकरणों को बढ़ावा देने के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीक के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है।

अग्नि-3 मिसाइल का सफल परीक्षण इसी दिशा में उठाया गया एक अहम कदम है, जो भारत की रणनीतिक ताकत को और मजबूत करता है।

अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने का भी कविंदर गुप्ता ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा और मजबूत बाजार है, इसी वजह से अमेरिका को अपना रुख बदलना पड़ा। टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद भारत ने वैकल्पिक रास्ते तलाश लिए थे, जिससे उसकी सौदेबाजी की स्थिति और मजबूत हुई।

कविंदर गुप्ता ने कहा कि इस ट्रेड डील से किसानों को फल, सब्जियों और दलहन के क्षेत्र में फायदा होगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी बड़े स्तर पर लाभ मिलेगा। कुल मिलाकर यह समझौता भारत के हित में है और आने वाले समय में देश की आर्थिक वृद्धि और तेज होगी। यह डील भारत के सही और मजबूत नेतृत्व की वजह से संभव हो पाई है।

पाकिस्तान में हुए धमाकों में कई लोगों की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने पाकिस्तान की स्थिति पर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है जो आतंकवाद को बढ़ावा देता है। वहां हालात ऐसे हैं कि सेना पूरी आजादी से काम करती है और आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठन भी सक्रिय रहते हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में कोई स्थिर और प्रभावी सरकार नहीं है, वहां अधिकारियों पर हमेशा दबाव बना रहता है। आज जो प्रधानमंत्री है, वह कल जेल में हो सकता है, फांसी पर चढ़ सकता है या देश से निकाला जा सकता है। कविंदर गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान अपनी ही नीतियों के कारण खुद अपनी कब्र खोद रहा है और भस्मासुर का उदाहरण उस पर पूरी तरह फिट बैठता है।

भारत के आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल जीतने पर कविंदर गुप्ता ने देश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत ने खेलों के क्षेत्र में बड़ी तरक्की की है और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत के मेडल लगातार बढ़े हैं और क्रिकेट समेत कई खेलों में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,157
Messages
15,194
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top