मुंबई, 7 फरवरी। मध्य रेलवे की एक लोकल ट्रेन में महिलाओं के आरक्षित डिब्बे में बुर्का पहने एक संदिग्ध व्यक्ति के घुसने से हड़कंप मच गया। महिला यात्रियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की और घटना का वीडियो भी बनाया। लेकिन, घाटकोपर स्टेशन पहुंचते ही वह चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
घटना तब हुई जब छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की ओर जा रही लोकल ट्रेन घाटकोपर स्टेशन के नजदीक पहुंच रही थी। महिला डिब्बे में बुर्का पहने एक व्यक्ति को देखकर यात्रियों को शक हुआ। महिलाओं ने उसे घेर लिया और पूछताछ शुरू कर दी। कुछ यात्रियों ने मोबाइल से पूरा वाकया रिकॉर्ड कर लिया। संदिग्ध व्यक्ति घबराहट में था और जवाब देने से बच रहा था।
जैसे ही ट्रेन घाटकोपर स्टेशन पर रुकी, संदिग्ध ने अचानक उल्टी दिशा में प्लेटफॉर्म की ओर कूद लगाई। वह प्लेटफॉर्म पर खड़ी कर्जत फास्ट ट्रेन में चढ़कर तेजी से भाग निकला। महिला यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुलुंड और ठाणे स्टेशनों पर सघन जांच की गई, लेकिन संदिग्ध का कोई पता नहीं चला।
घाटकोपर आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की धारा 162 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुर्ला जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी संभाजी यादव ने बताया कि जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें संदिग्ध की तलाश में जुटी हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले महीने अंबिवली स्टेशन पर बुर्का पहनकर चेन स्नैचिंग करने वाला एक व्यक्ति फरार है, जिसकी एफआईआर कल्याण जीआरपी में दर्ज है। पुलिस को संदेह है कि दोनों घटनाओं में शामिल व्यक्ति एक ही हो सकता है।
यह घटना मुंबई लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना दें। वीडियो और गवाहों के बयानों के आधार पर संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश तेज कर दी गई है। जांच अभी जारी है और जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।