प्यार में धोखा! दिल्ली पुलिस के जवान ने शादी से किया इनकार, युवती ने खुद को गोली मारी; आरोपी गिरफ्तार

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दिल्ली पुलिस का जवान गिरफ्तार, युवती ने मारी थी गोली


ग्रेटर नोएडा, 7 फरवरी। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाने की पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के एक गंभीर मामले में दिल्ली पुलिस में तैनात एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। यह मामला प्रेम संबंध, शादी को लेकर हुए विवाद और उसके बाद युवती द्वारा की गई आत्महत्या से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 फरवरी की है। आरोपी आशीष पंवार पुत्र किरेंद्र सिंह पर आरोप है कि उसने अपनी महिला मित्र को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया। बताया जा रहा है कि आशीष पंवार दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। घटना के दिन आरोपी और उसकी महिला मित्र बिसरख थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा स्काई सोसाइटी में पार्टी करने गए थे। दोनों एक-दूसरे को पिछले पांच से छह वर्षों से जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पार्टी के दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला मित्र मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई। आरोप है कि इसी दौरान युवती कमरे के अंदर चली गई और आरोपी के बैग में रखी उसकी लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 6 फरवरी को बिसरख थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष पंवार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा, मृतका की चप्पल भी आरोपी की कार से बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी और मृतका लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और शादी को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था।

फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती को आत्महत्या के लिए किस हद तक दुष्प्रेरित किया गया था। आरोपी आशीष पंवार, उम्र करीब 35 वर्ष, मूलरूप से ग्राम ककड़ीपुर, थाना रमाला, जिला बागपत का निवासी है। वर्तमान में वह ऑफिसर सिटी प्रथम, राजनगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम, जिला गाजियाबाद में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,700
Messages
4,732
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top