लखनऊ, 7 फरवरी। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी की एक विशेष बैठक को संबोधित किया। बैठक के दौरान पार्टी संगठन की जमीनी तैयारियों की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि मायावती ने सभी छोटे और बड़े पदाधिकारियों को बुलाकर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मायावती द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
इस बीच, बहुजन समाज पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि मायावती ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी के सपोर्ट बेस को विस्तार देने और उसकी वित्तीय स्थिति को सुधारने को लेकर अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो दायित्व सौंपे हैं, उन्हें पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा, ताकि बसपा को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा सके।
बसपा के विधानसभा इंचार्ज राम किशोर राजभर ने कहा कि मायावती हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने की दिशा में काम करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे पूरी ईमानदारी, सच्चे मन और लगन के साथ अपने-अपने बूथों पर जाकर बूथ कमेटियों के गठन पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने आगे कहा कि मायावती ने स्पष्ट किया है कि बसपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सर्व समाज, शिक्षा और रोजगार की बात करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बहनजी की सरकार बनती है तो उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सभी वर्गों को सम्मान मिलेगा।