जल जीवन मिशन से 16 करोड़ घरों को मिल रहा नल से जल: सीआर पाटिल

जल जीवन मिशन से 16 करोड़ घरों को मिल रहा नल से जल: सीआर पाटिल


जयपुर, 7 फरवरी। लोकसभा में बजट पर प्रधानमंत्री के जवाब न देने को लेकर जारी राजनीतिक गतिरोध के बीच केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री को संसद में जवाब देना था, उसी दिन कांग्रेस ने जानबूझकर ऐसा माहौल बना दिया कि स्थिति बिगड़ सकती थी।

सीआर पाटिल ने कहा कि कांग्रेस की महिला सांसदों का प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंच जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और संसद के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकसभा सवाल पूछने और जवाब देने का मंच है, न कि किसी को घेरने या दबाव बनाने का स्थान। मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि जो लोग महिलाओं को आगे कर राजनीति करते हैं, वे स्वयं कमजोर होते हैं और अपनी ताकत पर भरोसा नहीं कर पाते।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि उसी दिन कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय मंत्री नवनीत सिंह बिट्टू को अपमानित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि एक पगड़ीधारी सरदार का रास्ता रोकना और उन्हें घेरना पूरी तरह गलत है। संसद में टोका-टोकी होती है, सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन यह सब अपनी सीट पर खड़े होकर किया जाता है। प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचना मर्यादाओं के खिलाफ है।

ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट को लेकर सीआर पाटिल ने कहा कि इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा मिलेगा या नहीं, इसका फैसला कैबिनेट करेगी। उन्होंने यमुना जल समझौते पर बताया कि यह राजस्थान के लिए 77 हजार करोड़ से 1 लाख करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि केंद्र और राज्य सरकार कितना पैसा देंगी, असली बात यह है कि राजस्थान को कितना पानी मिलेगा।

पाटिल ने कहा कि इस परियोजना से करीब 10 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। राजस्थान देश का सबसे कम पानी वाला राज्य है, लेकिन आने वाले समय में यहां सबसे ज्यादा पानी उपलब्ध होगा। हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना जल को लेकर एमओयू हो चुका है और डीपीआर बनाने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री जब भी दिल्ली जाते हैं, राज्य के लिए कुछ न कुछ लेकर ही आते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बजट पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना की और कहा कि उन्होंने लगातार नौ बार बजट पेश कर रिकॉर्ड बनाया है। यह महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि अब देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।

सीआर पाटिल ने बताया कि कपड़ा उद्योग, खेती और इंफ्रास्ट्रक्चर समेत हर क्षेत्र में काम हो रहा है। देश में सात विशेष रेल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें दिल्ली, वाराणसी और सिलीगुड़ी जैसे जिले शामिल हैं। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल और अमृत सरोवर बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 16 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है, जिससे महिलाओं को मीलों दूर से पानी लाने की मजबूरी से राहत मिली है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,629
Messages
4,661
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top