दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे, CM रेखा गुप्ता 8 फरवरी से पेश करेंगी 'विश्वास का रिपोर्ट कार्ड'

दिल्ली में बीजेपी सरकार के एक साल पूरे, जनता के बीच जाकर पेश करेंगे अपना रिपोर्ट कार्ड: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 7 फरवरी। राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के एक साल पूरे होने को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता ने 8 फरवरी को अपना आशीर्वाद देकर भाजपा के 48 विधायकों को जीत दिलाई थी, और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी थी। इसके जश्न और रिपोर्ट कार्ड पेश करने के लिए सरकार 8 फरवरी से लेकर 2 मार्च तक पूरी दिल्ली में लोगों के बीच कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार से ही विभिन्न विभागों के विकास कार्यों, परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास की शुरुआत होगी। पहले दिन रामलीला मैदान में 500 ईवी को दिल्ली की जनता के लिए समर्पित किया जाएगा। इसके बाद लगातार 20 तारीख तक रोजाना सरकार की कई योजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। 21 तारीख को दिल्ली की जनता के सामने सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी और 22 तारीख से फिर से जनता के बीच जाकर उन्हें सीधे अपनी उपलब्धियों के बारे में बताया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद और वोट की ताकत ही कारण है कि दिल्ली में सरकार बनी और विकास की गति तेज हुई। मटियाला विधानसभा में अब 400 करोड़ रुपए के विकास कार्य शुरू हो रहे हैं, जो सिर्फ जनता के समर्थन से संभव हुए हैं। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और दिल्ली के विकास की बात भी की।

विधायक संदीप सहरावत ने बताया कि मुख्यमंत्री और सांसद जनता के बीच आए और मटियाला विधानसभा के 400 करोड़ रुपए के बजट से शुरू होने वाले सभी कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। पहले जिन ग्रामीण विकास के बजट को तीन-तीन साल तक लंबित रखा जाता था, अब सरकार ने तुरंत राशि जारी कर दी है। मटियाला विधानसभा के लिए डेढ़ सौ करोड़ रुपए अलग-अलग विभागों को दिए गए हैं।

सहरावत ने बताया कि यह बजट गांवों की आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण पर खर्च होगा। इसमें चौपाल निर्माण, गांवों का सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने खुद कार्यों की सूची मंगवाई और जमीनी हालात देखे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पैसा सही तरीके से और समय पर उपयोग हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल के पूरे कार्यक्रम का मकसद सिर्फ जश्न मनाना नहीं, बल्कि जनता को उनके वोट की ताकत का अहसास कराना और सरकार के काम की जानकारी देना है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे इस अवसर का हिस्सा बनें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।

इस दौरान विधायक संदीप सहरावत ने यह भी कहा कि विकास कार्य अब तेजी से जमीन पर उतरेंगे और सभी योजनाएं समय पर पूरी होंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया कि उन्होंने मटियाला विधानसभा के हर काम में रुचि ली और लगातार उसका निरीक्षण किया।
 

Forum statistics

Threads
4,663
Messages
4,695
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top