दिल्ली: बाहर से बंद कमरे में मिला महिला का शव, मृत मां पर सो रहा था मासूम बच्चा; शराब की बोतलें भी बरामद

दिल्ली: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस


नई दिल्ली, 7 फरवरी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र स्थित गौतम विहार इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव उसके घर से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, महिला का शव उसके घर के अंदर मिला, जबकि कमरे का दरवाजा बाहर से कुंडी लगा हुआ था। घर के अंदर महिला मृत अवस्था में पड़ी थी और उसके ऊपर उसका छोटा बच्चा भी लेटा हुआ मिला। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोग और परिजन स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलने पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे के अंदर से शराब की दो खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि महिला का पति फिलहाल जेल में बंद है। दो दिन पहले महिला अपने पति से मिलने जेल गई थी, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद आज उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top