कोटद्वार 'बाबा' विवाद: त्रिवेंद्र रावत का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- आरोप लगाना ही रह गया है उनका काम

'आरोप लगाना ही कांग्रेस का काम,' कोटद्वार 'बाबा' विवाद पर बोले त्रिवेंद्र रावत


हरिद्वार, 7 फरवरी। उत्तराखंड के कोटद्वार में 'बाबा' का नाम बदलने को लेकर उठा विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। मामले में मोहम्मद दीपक पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद सामने आए कांग्रेस के बयानों पर हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पलटवार करते हुए उनके आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ आरोप लगाना रह गया है। सरकार के किसी भी अच्छे काम की वे कभी प्रशंसा नहीं करते। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि देश आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, लेकिन कांग्रेस के नेता अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का विरोध करने में लगे हैं। उन्होंने साफ कहा कि मोहम्मद दीपक को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह राजनीतिक हैं और इनका कोई ठोस आधार नहीं है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने उस व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कराया है जो सद्भावना और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए खड़ा हुआ था। खड़गे ने सवाल उठाया कि यदि रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम आदमी अपनी सुरक्षा के लिए आखिर किसके पास जाएगा। कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सद्भाव पर हमला बताया है।

मामला 26 जनवरी का है, जब पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में पटेल मार्ग पर स्थित कपड़ों की दुकान 'बाबा' के नाम को बदलवाने के लिए बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता दुकान के बाहर इकट्ठा हो गए। वे दुकान मालिक वकील अहमद पर नाम बदलने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के दोस्त और 42 साल के जिम मालिक दीपक कुमार वहां पहुंचे और उन्होंने बजरंग दल के इस रवैये का खुलकर विरोध किया। दीपक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जबरदस्ती करना ठीक नहीं है और इसी के बाद वे लोग वहां से हट गए।

दूसरी ओर, बजरंग दल से जुड़े लोगों का कहना है कि दुकान का नाम 'बाबा' होने से लोगों को यह गलतफहमी हो सकती है कि यह कोटद्वार के प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा हनुमान मंदिर से जुड़ी हुई है। इसी भ्रम को दूर करने के लिए वे दुकान का नाम बदलने की मांग कर रहे थे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top