माणिक साहा बोले: पीएम मोदी की 'परीक्षा पे चर्चा' ने छात्रों में भरा आत्मविश्वास, मिला तनाव मुक्ति का गुरुमंत्र

पीएम मोदी का 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक था: माणिक साहा


अगरतला, 6 फरवरी। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक था, जिसने छात्रों को आत्मविश्वास, स्पष्टता और तनावमुक्त मानसिकता के साथ परीक्षाओं का सामना करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने बरदोवाली स्कूल के छात्रों के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम देखने के बाद ये बातें कहीं।

प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे साहा ने कहा कि छात्रों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत ने उन्हें परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया और उन्हें बड़े सपने देखने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत 2047 का विजन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कौशल विकास और स्वदेशी पर उनका जोर हम सभी को प्रेरित करता रहता है।

उन्होंने आगे कहा कि त्रिपुरा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप त्रिपुरा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (टीबीएसई) के माध्यम से कई पहल लागू कर रही है।

साहा ने बताया कि हमने कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए 'सहर्ष' कार्यक्रम शुरू किया है। प्रधानमंत्री ने सपने देखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर अत्यधिक निर्भरता से बचते हुए इसे एक सहायक उपकरण के रूप में उपयोग करने के महत्व पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मविश्वास बढ़ाने, समय प्रबंधन और जीवन कौशल पर व्यावहारिक सुझाव साझा किए, साथ ही छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समझाया कि छात्र 2047 के विकसित भारत के निर्माण में कैसे योगदान दे सकते हैं। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने जैसे सरल कार्य भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने जीवन कौशल, व्यावसायिक विकास, प्रभावी समय प्रबंधन और बेहतर कक्षा तैयारी के महत्व पर भी बल दिया और शिक्षकों को आगामी पाठों के बारे में छात्रों को पहले से सूचित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,326
Messages
15,363
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top