अंडर-19 वर्ल्ड कप पर भारत का छठी बार कब्जा, सचिन-कोहली जैसे दिग्गजों ने युवा शेरों को जमकर सराहा

भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, खेल जगत की मशहूर हस्तियों ने जूनियर्स को सराहा


नई दिल्ली, 6 फरवरी। भारत ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड 2026 के फाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन से जीत दर्ज की। खेल जगत से जुड़ी नामी हस्तियों ने इस प्रदर्शन के लिए जूनियर खिलाड़ियों की जमकर सराहना की है।

मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "चैंपियंस! इस युवा ग्रुप और उनके निडर क्रिकेट पर बहुत गर्व है। कोच और सपोर्ट स्टाफ सहित पूरी टीम को बहुत बधाई। इस पल का आनंद लें। जब आपके पास सूर्यवंशी हों, तो एक टाइमलेस ब्लॉकबस्टर की उम्मीद की जाती है। बहुत बढ़िया, वैभव!"

रन-मशीन विराट कोहली ने भारतीय टीम की तारीफ में कहा, "एक बार फिर वर्ल्ड कप जीतने पर भारत की अंडर-19 टीम को बधाई। एज ग्रुप क्रिकेट और उससे आगे भी हमारा दबदबा जारी है। पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को इसके लिए बधाई।"

शिखर धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "फिर से चैंपियंस... भारत के लिए रिकॉर्ड 6वां अंडर-19 वर्ल्ड कप। वैभव के 175 रन और आयुष की कप्तानी पारी ने इसकी नींव रखी और अंबरीश और गेंदबाजों ने इसे शानदार तरीके से खत्म किया। लड़कों, आपने बहुत बढ़िया खेला।"

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा, "अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन। क्या शानदार प्रदर्शन। टीम इंडिया को बधाई।"

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने लिखा, "फिर से चैंपियन। भारत की अंडर-19 पुरुष टीम को उनके छठे वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई। वैभव सूर्यवंशी ने असाधारण पारी खेली, उन्होंने 80 गेंदों में 175 रन बनाते हुए फाइनल में मजबूत नींव रखी। इन युवा सितारों को भारतीय क्रिकेट में भविष्य के लिए शानदार यात्रा की शुभकामनाएं।"

भारत की सीनियर पुरुष टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लिखा, "छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता। आप लड़के बहुत छोटे हो फिर भी असाधारण हो। आपने खुद को चैंपियन साबित किया है और आज रात पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।"

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने लिखा, "आप लड़कों पर गर्व है। उज्ज्वल भविष्य यहीं है।"

पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने लिखा, "हमारे अंडर-19 टीम के लड़कों का शानदार प्रदर्शन। छठी बार चैंपियन। पूरे कैंपेन में अजेय। भारत दुनिया की सबसे अच्छी क्रिकेट टीम है।"

पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने लिखा, "वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारत की अंडर-19 टीम को बहुत-बहुत बधाई।"

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने लिखा, "आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर हमें अपनी इंडिया अंडर-19 टीम पर बहुत गर्व है। यह जीत महीनों की कड़ी मेहनत, बेहतरीन टीम वर्क और इन युवा चैंपियंस द्वारा खेले गए निडर क्रिकेट का नतीजा है। दबाव वाले पलों से लेकर मैच जिताने वाले प्रदर्शन तक, लड़कों ने विश्व मंच पर जबरदस्त परिपक्वता और बेहतरीन चरित्र दिखाया। खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम को प्रतिभा को निखारने और भारत की समृद्ध क्रिकेट विरासत को बनाए रखने के लिए हार्दिक बधाई। भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और भरोसेमंद हाथों में है।"

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लिखा, "फिर से वर्ल्ड चैंपियन! अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर इंडिया अंडर-19 टीम को हार्दिक बधाई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन। फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी। इस यादगार जीत के लिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बहुत बढ़िया।"
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
4,427
Messages
4,459
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top