जनकपुरी में सड़क पर गड्ढे ने ली जान, केजरीवाल का करारा हमला: 'यह हादसा नहीं, सरासर हत्या है'

जनकपुरी में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर मौत हादसा नहीं, हत्‍या है: अरविंद केजरीवाल


नई दिल्ली, 6 फरवरी। राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार युवक की मौत को आम आदमी पार्टी (आप) ने महज हादसा मानने से इनकार कर दिया है। पार्टी ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे 'हत्या' करार दिया है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की मौतें सरकार की घोर लापरवाही का नतीजा हैं। कुछ ही समय पहले नोएडा में नाले में गिरकर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हुई थी, लेकिन सरकारों ने उससे भी कोई सबक नहीं लिया।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में गैर-जिम्मेदाराना रवैया अब पहचान बन चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि ईश्वर इस दुख को सहने की शक्ति दे।

वहीं, आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि जनकपुरी में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में बाइक सवार युवक गिर गया, जो पूरी रात वहीं पड़ा रहा और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। मृतक युवक 25 वर्षीय कमल बताया गया है, जो रोहिणी स्थित एचडीएफसी कॉल सेंटर में काम करता था।

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि यह गड्ढा पहले से मौजूद था और स्थानीय आरडब्ल्यूए लगातार इसकी बैरिकेडिंग की मांग कर रही थी, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस विधानसभा में यह घटना हुई, वह उन्हीं की है। इसके बावजूद मंत्री मौके पर पहुंचकर पहले ही विभाग को क्लीन चिट देने लगे। उन्होंने दावा किया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद सुबह बैरिकेडिंग लगाई गई, जबकि मंत्री यह कह रहे हैं कि सुरक्षा के सभी इंतजाम पहले से मौजूद थे।

सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब मृतक के परिजन और दोस्त पूरी रात युवक को ढूंढते रहे, तो पुलिस ने छह थानों में जाने के बावजूद मिसिंग रिपोर्ट क्यों दर्ज नहीं की। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने पहले मृतक की लोकेशन परिवार को दी और फिर तुरंत उसे डिलीट कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस क्या छिपाना चाहती है।

उन्होंने मांग की कि जनकपुरी इलाके की सभी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,563
Messages
15,600
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top