हरारे, 6 फरवरी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 का खिताब अपने नाम किया है। म्हात्रे भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले छठे कप्तान बने हैं। खिताबी जीत के बाद उन्होंने सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की पारी को सराहा, जिन्होंने 175 रन बनाए।
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन की शानदार पारी खेली। इस बीच उन्होंने कप्तान म्हात्रे के साथ 142 रन, जबकि वेदांत त्रिवेदी के साथ 89 रन की साझेदारी की। कप्तान ने 14 वर्षीय खिलाड़ी की तारीफ में कहा, "वह बस इसी तरह मेहनत करते रहें। उनके लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं, उन्होंने शानदार पारी खेली है। हम जानते हैं कि वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं। इस मैच में उन्होंने दिखा दिया कि वह क्या कर सकते हैं।"
खिताब जीतने पर खुशी जताते हुए आयुष म्हात्रे ने कहा, "मैं अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह हमारे लिए एक यादगार पल और एक शानदार सफर रहा। हमारे खिलाड़ियों ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया। जो लक्ष्य हमने तय किए थे, उन्हें हासिल किया और अपने स्वाभाविक तरीके के साथ खेले। इससे मैं बहुत खुश हूं।"
उन्होंने कहा, "हम खुश हैं कि उस विरासत को आगे बढ़ा पाए हैं, जिसे रोहित शर्मा और हरमनप्रीत ने वर्ल्ड कप जीतकर आगे बढ़ाया था। अब हमने भी ट्रॉफी जीती है। हम आगे शायद इसी टीम के साथ न खेलें, लेकिन यही सोच और इसी तरह का क्रिकेट आगे भी जारी रखेंगे।"
कप्तान ने सपोर्ट स्टाफ को जीत का श्रेय देते हुए कहा, "उनके लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। पिछले 7-8 महीनों से वे लगातार हमारे साथ मेहनत कर रहे थे। पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है कि उन्होंने हम पर इतना काम किया है।"
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई।