रोमानिया में बढ़ा बाढ़ का खतरा! नदियों में उफान, प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, लोग चिंतित

रोमानिया में बाढ़ का अलर्ट, कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित


बुखारेस्ट,। रोमानिया में बाढ़ को लेकर जारी चेतावनी स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगी। यह चेतावनी खतरे की तय सीमा पार होने की आशंका को दर्शाती है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, अधिकारियों ने प्राहोवा काउंटी की टेलेआजे़न नदी और व्रांचेआ काउंटी के मिलकोव नदी बेसिन के लिए स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पूर्वी रोमानिया में बारलाद नदी बेसिन के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट लागू है।

रोमानिया की जल विज्ञान एजेंसियां बाढ़ की चेतावनियों को तीन स्तरों- येलो, ऑरेंज और रेड में वर्गीकृत करती हैं। इनमें येलो संभावित बाढ़ जोखिम, ऑरेंज गंभीर खतरे और रेड अत्यधिक आपात स्थिति को दर्शाता है।

संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन अलर्ट संदेश भेजे हैं। प्राहोवा काउंटी में दमकल कर्मियों को कई स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिलीं, जहां उन्होंने आंगनों से पानी निकालने का काम किया। हालांकि, किसी भी घर को नुकसान की सूचना नहीं है।

बुज़ाउ काउंटी में निस्कोव नदी का जलस्तर बढ़ने से मिरेआ गांव तक जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे चार परिवारों के 12 लोग अस्थायी रूप से अलग-थलग पड़ गए। स्थानीय आपात अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और उनके पास पर्याप्त आवश्यक सामग्री मौजूद है।

इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में रोमानिया की राष्ट्रीय मौसम विज्ञान प्रशासन (एएनएम) ने भीषण ठंड और पाले को लेकर कोड येलो चेतावनी जारी की थी, जो देश के आधे से अधिक हिस्सों को प्रभावित कर रही है। यह चेतावनी 28 काउंटियों और राजधानी बुखारेस्ट में सोमवार सुबह 10 बजे से लागू हुई थी और मंगलवार सुबह तक प्रभावी रही।

सप्ताह की शुरुआत में बुखारेस्ट और दक्षिणी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई, जिससे कई सड़कों पर फिसलन भरी और खतरनाक ड्राइविंग स्थितियां बन गईं। सड़क रखरखाव दल लगातार हालात से निपटने में जुटे रहे।

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि फरवरी की शुरुआत में देश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। पहाड़ी इलाकों की घाटियों में रात का तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में दिन का तापमान भी शून्य से नीचे रहने की संभावना है।

निचले इलाकों में बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि 1,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरने के कारण ओले और बर्फबारी हो सकती है। फरवरी की शुरुआत से ठंडी हवाएं पूरे देश में फैल गई हैं और उत्तरी मोल्दोवा में दिन का तापमान माइनस 7 से माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

मौसम एजेंसी ने यह भी कहा है कि फरवरी के महीने में खासकर उत्तरी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में बर्फबारी और मिश्रित वर्षा की संभावना बनी रहेगी।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,393
Messages
4,425
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top