पटना, 6 फरवरी। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया है। तेजस्वी यादव ने सदन में आरोप लगाया था कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने हमें हराने के लिए 40,000 करोड़ रुपए खर्च किए।
तेजस्वी यादव के बयान पर संजय सरावगी ने कहा कि इनका सूपड़ा साफ हो चुका है और जो बचे-खुचे हैं, वे भी सूपड़ा साफ हो जाएंगे। वे हम पर क्या आरोप लगाते हैं। जब से बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है, किसी ने उंगली नहीं उठाई है। जबकि, कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए कहा है कि यह परिवार आपराधिक राजनीति का सिंडिकेट चलाता है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 10 हजार रुपए की रिश्वत महिलाओं को दी। इसीलिए, महिलाओं का वोट भाजपा-एनडीए को गया।
जब इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से जवाब मांगा गया तो उन्होंने कहा कि यह बिहार की महिलाओं का अपमान है। यह बिहार के लोगों का अपमान है। हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। अभी तो 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। महिलाएं अपने रोजगार को आगे बढ़ाएंगी तो उन्हें 2 लाख रुपए की सहायता राशि भी दी जाएगी। पूरे देश में महिला सशक्तीकरण में बिहार नंबर-1 है। उनका बयान बिहार का अपमान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से लेकर राहुल गांधी तक दूसरे देशों में जाकर देश का अपमान कर रहे हैं, सिखों का अपमान कर रहे हैं।
बता दें कि तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा में कहा कि देश के सभी राज्य तेजी से आगे बढ़ते जा रहे हैं और 20 साल से लगातार सुशासन, न्याय का राज, तीव्र विकास के भाजपा-नीतीश सरकार द्वारा चाहे कितने ही दावे किए जाएं, सच्चाई यही है कि हर सकारात्मक पहलू में बिहार हर सूचकांक में देश के सबसे निचले पायदान पर आज भी जस का तस बना हुआ है।