मुंबई, 6 फरवरी। दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म 'घूसखोर पंडत' को लेकर बवाल जारी है। विवाद पर फिल्म के निर्देशक नीरज पांडे भी सफाई दे चुके हैं।
उनका कहना है कि फिल्म का उद्देश्य किसी को अपमानित करना या ठेस पहुंचाना नहीं है। अब मामले पर लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने फिल्म के निर्देशक को बुरी तरीके से लताड़ा है और सवाल किया है कि क्या ये किसी एजेंडे का हिस्सा है।
उन्होंने निर्देशक नीरज पांडे के पोस्ट को रीपोस्ट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नीरज पांडेय जी, आपके शानदार काम के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान था, लेकिन यह बताइए कि यदि आपकी कहानी (आपके अनुसार) काल्पनिक ही है, तो फिर तो इस फिल्म का शीर्षक कुछ भी हो सकता था।"
उन्होंने लिखा, "एक अपराधी को दिखाने के लिए जाति सूचक नाम ही क्यों रखना है? क्या नेटफ्लिक्स के किसी एजेंडे के तहत? आज के जमाने में सबकी आंख खुल चुकी है, अब एजेंडा नहीं चलने दिया जाएगा। क्या आप किसी और धर्म या जाति के आगे 'घूसखोर' लगाने की कल्पना भी कर सकते हैं?" यूजर्स भी सिंगर के पोस्ट का सपोर्ट कर रहे हैं और उनका कहना है कि ये सिर्फ घटिया पब्लिसिटी पाने का तरीका है।
बता दें कि विवाद के बाद शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिवक्ता विनीत जिंदल की याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म के नाम और उससे जुड़ी सभी प्रचार-सामग्री को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश दिया है। इसके अलावा, फिल्म के निर्देशक नीरज पांडे ने मामले पर अपना पक्ष भी रखा है। नीरज पांडे ने सोशल मीडिया पर फिल्म और उसके नाम को लेकर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है।
उन्होंने सफाई देते हुए लिखा था, "हमारी फिल्म एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है, और 'पंडत' शब्द का प्रयोग केवल एक काल्पनिक पात्र के बोलचाल के नाम के रूप में किया गया है। कहानी एक व्यक्ति के कार्यों और विकल्पों पर केंद्रित है और किसी भी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी या प्रतिनिधित्व नहीं करती है।"