मेघालय खदान हादसे से आहत पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख अनुग्रह राशि का ऐलान

मेघालय कोयला खदान हादसा: पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान


नई दिल्ली, 5 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेघालय के ईस्ट जैंटिया हिल्स जिले में हुए कोयला खान हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से विशेष अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेघालय के ईस्ट जैंटिया हिल्स जिले में हुई कोयला खदान दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ईस्ट जैंटिया हिल्स, मेघालय में हुई दुर्घटना से दुख हुआ। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया, उन्हें मेरी संवेदनाएं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों।"

उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से वित्तीय सहायता की भी घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपए की विशेष अनुग्रह राशि और दुर्घटना में घायल लोगों को 50,000 रुपए की सहायता दी जाएगी।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनार्ड के. सैंगमा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने दुर्घटना की पूरी जांच का आदेश दिया है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा, "मेघालय सरकार ने इस घटना की व्यापक जांच का आदेश दिया है। जिम्मेदारी तय की जाएगी और जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।"

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा के मामलों में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और मानव जीवन की सुरक्षा को लेकर राज्य किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

उन्होंने बताया कि जांच के परिणामों के आधार पर प्रशासन सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाएगा। मुख्यमंत्री सैंगमा ने कहा, "इस दुःख के समय में राज्य उन सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुट है।"

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हाल के वर्षों में हुई सबसे घातक खदान दुर्घटनाओं में से एक है। थांग्स्कू क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खदान में हुई बड़ी विस्फोटक घटना के बाद अब तक कम से कम 16 मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

ईस्ट जैंटिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं।" उन्होंने कहा कि खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय सरकार की ओर से पीड़ितों को तत्काल सहायता के रूप में यह अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। घटनास्थल पर बचाव और जांच कार्य जारी है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top