गुरु रविदास के उपदेशों से बदलेगा पंजाब, सीएम मान बोले- समानता और भाईचारे वाला समाज बनाने को सरकार प्रतिबद्ध

गुरु रविदास के उपदेश के अनुसार समानता वाले समाज की रचना के लिए पंजाब सरकार प्रतिबद्ध: सीएम भगवंत मान


चंडीगढ़, 5 फरवरी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दिए गए उपदेशों पर चलते हुए समानता वाले समाज की रचना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी की महान विरासत को बनाए रखने के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा 6 फरवरी को होशियारपुर जिले में स्थित खुरालगढ़ में राज्य स्तरीय समागम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरी कैबिनेट संगत के साथ श्री गुरु रविदास जी को श्रद्धा और सम्मान अर्पित करने के लिए नतमस्तक होगी। भगवंत सिंह मान ने समस्त संगत से इस राज्य स्तरीय समागम में पूरे धार्मिक उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने लोगों से समाज में प्रचलित विभिन्न सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की वाणी समस्त मानवता के लिए प्रकाश-स्तंभ है और उन्होंने पूरी दुनिया को मानवता का रास्ता दिखाया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस दिव्य वाणी से समाज को विभिन्न समस्याओं से मुक्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही खुरालगढ़ में लगभग 148 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय स्मारक बना चुकी है, जो राज्य सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी को विनम्र श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक सुविधाओं से लैस है, जिसमें भव्य इमारत, मल्टीलेवल पार्किंग, मीनार-ए-बेगमपुरा, संगत हॉल, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समस्त मानवता की भलाई और समाज के सभी वर्गों की समानता का संदेश दिया तथा समानतावादी मूल्यों पर आधारित समाज की रचना का मार्ग दिखाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने ऐसे आदर्श समाज का संकल्प दिया, जहां किसी को भी किसी प्रकार का दुख या तकलीफ न झेलनी पड़े। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का महान जीवन, दर्शन और शिक्षाएं मानवता का निरंतर मार्गदर्शन करती हैं।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी समाज के गरीब और पिछड़े वर्गों के रूहानी रहबर और मसीहा हैं, जिन्होंने हमें नेक और सदाचारी जीवन जीने की शिक्षा दी।

भगवंत मान सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश पर्व को पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व के लिए साल भर चलने वाली राज्य स्तरीय तैयारियां भी शुरू की हैं। श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समागम का आयोजन किया गया है, जिसमें संतों, आध्यात्मिक नेताओं, कैबिनेट मंत्रियों, डिप्टी स्पीकर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी संख्या में भागीदारी होगी। यह समागम 6 फरवरी को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के उपरांत संपन्न होगा।

भगवंत मान सरकार ने संगत की सुविधा के लिए व्यापक और निर्बाध व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। साथ ही श्री खुरालगढ़ साहिब से पंजाब के हर गांव तक श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को पहुंचाने के लिए कार्यक्रम शुरू कर सिलसिलेवार समागम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरु जी के महान जीवन, दर्शन तथा समानता, भाईचारे और मानवता के शाश्वत संदेश के प्रसार के लिए साल भर शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहलें की जा रही हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top