पुरानी यादें ताजा! तारा शर्मा ने 'खोसला का घोसला 2' से शेयर की झलक, कास्ट संग दिखी दमदार बॉन्डिंग

तारा शर्मा ने शेयर की 'खोसला का घोसला 2' की झलक, पुरानी कास्ट के साथ दिखी शानदार बॉन्डिंग


मुंबई, 5 फरवरी। बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म 'खोसला का घोसला-2' की शूटिंग अभी जारी है। साल 2006 में रिलीज हुई लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा फिल्म के सीक्वल के लिए फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। गुरुवार को अभिनेत्री तारा शर्मा ने इंस्टाग्राम के जरिए शूटिंग के दो शेड्यूल पूरे होने की खुशी जाहिर की।

अभिनेत्री ने पूरी टीम के साथ तस्वीर शेयर की, जिसमें मूल फिल्म के कलाकार नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री ने लिखा, "ओह। डेजा वू। 'खोसला का घोसला'। दो शेड्यूल पूरे हो गए।"

अभिनेत्री ने शूटिंग को यादों, नए अनुभवों और आपसी जुड़ाव का खूबसूरत मिश्रण बताया। उन्होंने लिखा, "ज्यादातर पल बहुत अच्छे रहे। हालांकि, बीच-बीच में कुछ 'ऊप्स' वाले पल सामने आए, लेकिन यही तो जिंदगी है।"

अभिनेत्री ने फिल्म का हिस्सा बनकर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "फिल्म में मेरा रोल छोटा है, फिर भी सीक्वल का हिस्सा बनकर मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं। सभी बेहद प्रतिभाशाली कलाकारों और क्रू को दिल से सलाम। हर कोई कुछ न कुछ खास लेकर आया है। मैं अलग-अलग नाम नहीं लिख रही, क्योंकि सब ही इतने टैलेंटेड, गर्मजोशी से भरे और अच्छे इंसान हैं कि मिलकर यह एक फिल्मी परिवार बन गया।"

तारा ने अनुपम खेर को रिंग लीडर कहकर उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, "अनुपम सर पूरी टीम को जोड़कर रखते हैं और सभी को मैसेज करते हैं कि केकेजी परिवार रात 9 बजे डिनर करता है, और सब पहुंच जाते हैं। वहां साथ खाना, खेलना, बातें करना और ढेर सारी हंसी होती है। धन्यवाद अनुपम खेर सर इतने सधे हुए, संवेदनशील और बेहद प्रतिभाशाली लीडर होने के लिए।"

अभिनेत्री ने आगे फिल्म के कई कलाकारों का भी जिक्र किया। उन्होंने बोमन इरानी, रील लाइफ हसबैंड परवीन दबास, रणवीर शौरी, किरण जुनेजा, निशांक नूर और कंगना नंगिया जैसे सभी कलाकारों का जिक्र कर उनकी तारीफ की।

उन्होंने रवि किशन और हर्ष जैसे अन्य कलाकारों का भी नाम लिया, जो तस्वीर में नहीं थे लेकिन फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

तारा ने उन लोगों की भी तारीफ की जो कैमरे के पीछे कड़ी मेहनत करते हैं। उन्होंने लिखा, "सबको टैग नहीं कर पा रही हूं, उम्मीद है फिल्म पूरी होने पर हम सब एक साथ तस्वीर लेंगे। सोचा था ज्यादा नहीं लिखूंगी पर आदत से मजबूर। बस अब इस प्रोजेक्ट की शूटिंग के कुछ ही दिन बाकी हैं, और अगर वाकई ऊर्जा, ऊर्जा को खींचती है, तो अचानक मैं 3 प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हूं, कुछ के लिए ऑडिशन दे रही हूं, और मेरे शो और लाइव्स भी चल रहे हैं। इसके लिए आप सभी का धन्यवाद।"
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,613
Messages
13,650
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top