टी20 विश्व कप: भारत के खिलाफ पाक बहिष्कार पर बांग्लादेश के सलाहकार गदगद, पीएम शरीफ का जताया आभार

टी20 विश्व कप : बांग्लादेश के खेल सलाहकार ने की पाकिस्तानी पीएम की तारीफ, समर्थन के लिए दिया 'धन्यवाद'


नई दिल्ली, 5 फरवरी। टी20 विश्व कप को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का आभार जताया है। शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया है।

गुरुवार को फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए आसिफ नज़रुल ने कहा कि पाकिस्तान का यह फैसला बांग्लादेश को हटाए जाने के विरोध में है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “धन्यवाद, पाकिस्तान।”

उन्होंने बुधवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान की कैबिनेट की बैठक के दौरान शरीफ़ द्वारा की गई टिप्पणियों का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने बहिष्कार के पीछे का कारण बताया था। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि उनके देश ने टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश को हटाने के विरोध में भारत के साथ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार को कैबिनेट सदस्यों से कहा कि हम भारत के खिलाफ़ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमने यह फैसला बहुत सोच-समझकर लिया है। हमें पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बहुत सही फैसला है।"

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि उसकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाला टी20 विश्व कप का ग्रुप मैच नहीं खेलेगी।

पाकिस्तान के इस फैसले पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। रविवार को जारी बयान में आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आपसी सहमति से समाधान निकालने को कहा और चेतावनी दी कि चुनिंदा मैच खेलने का रवैया वैश्विक प्रतियोगिता की भावना के खिलाफ है।

आईसीसी ने कहा कि जब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं मिलती, तब तक इस तरह से चयनात्मक हिस्सा लेना गलत है। ये उस वैश्विक टूर्नामेंट की मूल भावना से मेल नहीं खाता, जहां सभी योग्य टीमों से तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने की उम्मीद की जाती है।

आईसीसी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को अपने देश में क्रिकेट के भविष्य और वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था पर इसके लंबे समय के प्रभाव को गंभीरता से समझना चाहिए।

गौरतलब है कि बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। बांग्लादेश ने अपने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था, लेकिन आईसीसी ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,150
Messages
4,182
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top