नेहरू पर भाजपाई हमले के बाद पप्पू यादव का पलटवार: 'देश को दिया पूरा जीवन, इतिहास झुठलाना असंभव'

जवाहरलाल नेहरू ने पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया, इतिहास झुठलाया नहीं जा सकता : पप्पू यादव


नई दिल्ली, 5 फरवरी। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधे जाने पर सांसद पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेहरू जी के योगदान को पूरी दुनिया जानती है और इतिहास को झुठलाया नहीं जा सकता।

पप्पू यादव (राजेश रंजन) ने आईएएनएस से कहा, "दुनिया को पता है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपनी सारी संपत्ति देश को दान कर दी थी। उन्होंने 11 साल जेल में बिताए और करीब 10 साल जमीन पर सोए। जिस दौर में देश का बजट लाखों में होता था, उस समय नेहरू जी ने भारत को ऊंचाइयों पर पहुंचाया।"

उन्होंने आगे कहा कि आज अगर भारत दुनिया में एक मजबूत और सम्मानित देश है, तो उसमें नेहरू जी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक की अहम भूमिका रही है।

राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने और इस बयान को हरदीप सिंह पुरी द्वारा सिख समाज के अपमान से जोड़ने पर भी पप्पू यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, "हरदीप सिंह पुरी के चरित्र के बारे में सब जानते हैं। वे तीन-खैय्या घोषित हो चुके हैं। इन्हें सिख धर्म और उसके इतिहास की कोई जानकारी नहीं है।" पप्पू यादव ने कहा कि सिख समाज कभी भी गद्दार को स्वीकार नहीं करता और देश के लिए उनका बलिदान अतुलनीय है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा एसआईआर के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने पर भी पप्पू यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना और संवैधानिक रास्तों से न्याय मांगना हर किसी का अधिकार है। इससे पहले पप्पू यादव ने ममता बनर्जी को झांसी की रानी बताया था।

बिहार में लड़कियों के हॉस्टल को लेकर सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नियमों पर पप्पू यादव ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा, "मैं पिछले 20 वर्षों से लड़कियों के हॉस्टलों में सीसीटीवी लगाने, पुरुषों की एंट्री पर रोक, पुलिस वेरिफिकेशन और 24 घंटे वार्डन की मौजूदगी की मांग करता रहा हूं।"

पप्पू यादव ने कहा, "आप मुझे जितनी गालियां देना चाहें दें, चाहें तो मुझे मरवाने की कोशिश करें, लेकिन मेरी लड़ाई हमारी बेटियों की सुरक्षा के लिए है।"
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top