सरकारी बस में शराब की तस्करी! बिहार में 211 लीटर अवैध शराब के साथ ड्राइवर-खलासी गिरफ्तार

बिहार: सरकारी बस से बड़ी मात्रा में शराब बरामद, चालक और सहायक गिरफ्तार


पटना, 4 फरवरी। बिहार में शराब के सेवन और आपूर्ति करने पर पूरी तरह रोक है, लेकिन कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता हो जब प्रदेश में कहीं न कहीं अवैध शराब की बरामदगी नहीं होती हो। ऐसा ही एक मामला पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां बुधवार को एक सरकारी यात्री बस से 211 लीटर भारत निर्मित विदेशी शराब की बरामदगी की गई है।

इस मामले में बस के चालक और सहायक को गिरफ्तार किया गया है। दनियावां के थाना प्रभारी अनिल प्रसाद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से मुजफ्फरपुर जा रही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की एक यात्री बस में अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप जा रही है। इसी सूचना के आधार पर दनियावां के होरिल बिगहा के पास बस की तलाशी ली गई।

तलाशी के क्रम में बस से छह कार्टूनों में रखी गई 211.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए ड्राइवर की पहचान वैशाली निवासी धर्मजीत और खलासी की पहचान मोतिहारी निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ में पता चला है कि ये दोनों बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुबंधित कर्मचारी हैं। पुलिस दोनों गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि शराब की सप्लाई किसके कहने पर की जा रही थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, और क्या इस मामले में परिवहन निगम के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं?

दनियावां थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब व्यापार के लिए तस्कर कहीं सरकारी बसों का उपयोग तो नहीं कर रहे हैं। इस घटना ने परिवहन विभाग की मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top