अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल: शिनोजादा-नियाजी के तूफानी शतकों से अफगानिस्तान ने भारत के सामने रखा 311 रन का पहाड़

अंडर 19 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में शिनोजादा-नियाजी के शतक, अफगानिस्तान ने भारत को दिया 311 रन का टारगेट


हरारे, 4 फरवरी। अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा और उजैरउल्लाह नियाजी की शतकीय पारियों के दम पर भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के लिए 311 रन का विशाल टारगेट दिया है।

बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जारी सेमीफाइनल-2 में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए। इस टीम को उस्मान सादात और खालिद अहमदजई की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 12.2 ओवरों में 53 रन जुटाए।

अहमदजई 39 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद फैसल शिनोजादा ने सादात के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सादात ने 70 गेंदों में 3 चौकों के साथ 39 रन की पारी खेली। यहां से शिनोजादा ने उजैरउल्लाह नियाजी के साथ तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों में 148 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

शिनोजादा 93 गेंदों में 15 चौकों के साथ 110 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नियाजी ने 86 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ 101 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए।

भारत ने यूएसए, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की हैट्रिक के साथ सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में जगह बनाई, जहां जिम्बाब्वे को 204 रन से रौंदने के बाद पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और तंजानिया को शिकस्त देकर सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में स्थान बनाया, जहां श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट से शिकस्त झेलने के बाद आयरलैंड के विरुद्ध 191 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

भारत की प्लेइंग इलेवन: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेंद्रन।

अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, खातिर स्टानिकजई, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई और वहीदुल्लाह जादरान।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top