टी20 विश्व कप: स्कॉटलैंड की एंट्री पर अनिश्चितता का बादल! मैक्रीथ ने रखा संयम, पूरा ध्यान अभ्यास पर केंद्रित रखा

टी20 विश्व कप: स्कॉटलैंड को आखिरी समय में मौका मिलने की अनिश्चितता के बीच शांत रहा: मैक्रीथ


नई दिल्ली, 3 फरवरी। स्कॉटलैंड के बल्लेबाज फिनले मैक्रीथ ने कहा कि पुरुष टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने को लेकर जब असमंजस बना हुआ था, तब उन्होंने खुद को शांत रखा और अभ्यास पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।

भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के यात्रा से इनकार करने के बाद स्कॉटलैंड को मुख्य ड्रॉ में जगह मिली। इस आखिरी समय की एंट्री के साथ स्कॉटलैंड ने लगातार पांचवीं बार पुरुष टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया।

मैक्रीथ ने बेंगलुरु से वर्चुअल बातचीत में आईएएनएस से कहा, “काफी भावनाएं थीं, लेकिन सबसे ज्यादा अनिश्चितता थी। सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें चल रही थीं और हमें ठीक-ठीक पता नहीं था कि क्या होने वाला है। मैंने कोशिश की कि ज्यादा उम्मीदें न पालूं और खुद को शांत व संतुलित रखूं।”

उन्होंने कहा कि टीम उस दौरान भी अभ्यास कर रही थी। हम ट्रेनिंग कर रहे थे और बस खुद को तैयार रखने पर ध्यान था। अगर कॉल आता है तो हमें विश्व कप जाना है, यही सोचकर तैयारी जारी रखी।

जब आखिरकार स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किए जाने की खबर आई, तो यह पल मैक्रीथ और उनके परिवार के लिए बेहद खास था।

उन्होंने कहा, “मैं घर पर था और उसी दिन चयन की सूचना मिलने वाली थी। कॉल का इंतज़ार कर रहा था। फिर परिवार को बताया और शाम उनके साथ बिताई। यह मेरे लिए बेहद गर्व का क्षण था, मेरा पहला विश्व कप। यह हर खिलाड़ी का सपना होता है।”

27 वर्षीय मैक्रीथ ने कहा कि अब चयन की खुशी से आगे बढ़कर उनका पूरा फोकस अपनी प्रक्रिया, कड़ी ट्रेनिंग और टूर्नामेंट की तैयारी पर है।

स्कॉटलैंड के लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप में पहुंचने को उन्होंने टीम की निरंतरता का नतीजा बताया। “टीम में कुछ खिलाड़ी पहले भी ऐसे बड़े टूर्नामेंट खेल चुके हैं और उन्होंने हमें अनुभव साझा किया है। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो बड़े मौकों पर जिम्मेदारी लेते हैं और चुनौती का आनंद उठाते हैं।”

वार्म-अप मुकाबले बेंगलुरु में खेलने के बाद स्कॉटलैंड अपने लीग मुकाबले 7, 9 और 14 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल से भिड़ंत होगी।

मैक्रीथ भारत की परिस्थितियों में खेलने के अपने अनुभव को भी अहम मानते हैं। उन्होंने 2016 अंडर-19 विश्व कप बांग्लादेश में खेला था, जहां उन्होंने छह पारियों में 127 रन बनाए थे और फिजी के खिलाफ नाबाद 68 रन व तीन विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।

उन्होंने कहा, “स्पिन यहां अहम भूमिका निभाएगा। अब तक का अभ्यास हमें परिस्थितियों के अनुसार ढलने और गर्मी से तालमेल बैठाने में मदद कर रहा है। पुराने अनुभवों से सीख लेकर हम बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं।”

घरेलू क्रिकेट के बाद पिछले साल स्कॉटलैंड के लिए व्हाइट-बॉल डेब्यू करने वाले मैक्रीथ अब तक 10 वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्होंने कहा, “मैं नंबर पांच पर बल्लेबाज़ी करता हूं, जहां मैच की स्थिति को समझकर खेलना जरूरी होता है। अपनी ताकत पर भरोसा रखते हुए टीम के लिए योगदान देना मेरा लक्ष्य है।”

उन्होंने कहा कि वह इस सीखने की प्रक्रिया का आनंद ले रहे हैं और हर मौके का इस्तेमाल टीम को जीत दिलाने के लिए करना चाहते हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
3,494
Messages
3,526
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top