मुंबई, 3 फरवरी। नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उन्होंने अपनी आने वाली सीरीज और फिल्मों का ऐलान किया। ये प्रोजेक्ट मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों के सामाजिक और गंभीर मुद्दों को सामने लाएंगे।
इस इवेंट में फिल्म और सीरीज की कई स्टार कास्ट शामिल थीं, जहां उन्होंने उन सभी प्रोजेक्ट्स के बारे में बातें शेयर कीं।
'मुसाफिर कैफे' - इस सीरीज से विक्रांत मैसी अभिनय के साथ प्रोडक्शन में भी हाथ आजमा रहे हैं। इसको लेकर अभिनेता ने कहा, "यह स्क्रिप्ट मुझे इतनी पसंद आई कि मुझे एक्टिंग के साथ सात प्रोडक्शन में शामिल होने का मन किया। यह मेरे लिए सही मौका था। इतने शानदार टैलेंट और क्रिएटर्स के साथ काम करना सपने जैसा है। सफर अभी शुरू हुआ है।"
'ढिंढोरा-2' – अभिनेता और क्रिएटर भुवन बाम ने सीरीज को लेकर कहा, "सीरीज में सभी कलाकार नजर आएंगे और यह फिर से स्ट्रीम होने जा रही है।"
'हैल्लो बच्चों'- इस सीरीज में विनीत कुमार सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने सीरीज को लेकर कहा, "मैंने पहले डॉक्टर की पढ़ाई की है, इसलिए लगता है कि शो में कुछ ऐसी चीजें दिखेंगी, जो पहले मैंने की हैं।"
वहीं, सीरीज के एक और कलाकार ने कहा कि शिक्षा से हम सब कुछ ठीक कर सकते हैं, और ये नया भारत है, जो सब कुछ ठीक कर देगा।
'हम हिंदुस्तानी' – इसमें सैफ अली खान ने सीरीज को लेकर अपनी राय दी। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि 10 साल बाद हम 'हिंदुस्तानी' आपके सामने लेकर आ रहे हैं। यह मेरे लिए घर जैसा अहसास है, क्योंकि नेटफ्लिक्स के साथ मेरा सफर 10 साल पहले शुरू हुआ था।"
'सुपर सुब्बू' – नेटफ्लिक्स ने दक्षिण भारतीय फिल्मों और सीरीज में दिलचस्पी रखने वाले दर्शकों के लिए भी खास ख्याल रखा है। सीरीज की स्टार अभिनेत्री मिथिला पालकर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "जब नेटफ्लिक्स शुरू हुआ था तो मैं उसके शुरुआती ओरिजिनल शोज में से एक 'लिटिल थिंग्स' का हिस्सा थी और अब, जब मुझे नेटफ्लिक्स इंडिया के इतने साल हो गए हैं, तो मैं फिर से इसकी शुरुआती तेलुगु शोज में से एक 'सुपर सुब्बू' का हिस्सा हूं। मैं बहुत खुश हूं और मुझे बहुत खास और गर्व महसूस हो रहा है कि मुझे नेटफ्लिक्स का हिस्सा बनने का मौका मिला। मेरी उम्मीद है कि मैं आगे भी जितना हो सके, नेटफ्लिक्स इंडिया के साथ जुड़ी रहूं।"
एकता कपूर का लोकप्रिय रियलिटी शो 'लॉक अप 2' भी नेटफ्लिक्स पर आने वाला है। शो को प्रमोट करते हुए एकता कपूर ने कहा कि पहले सीजन को काफी प्यार मिला था। ऐसे में हम अब इसे पहले से भी बेहतर बनाकर पेश करने वाले हैं। इस शो में शामिल कंटेस्टेंट के पास मौका होगा कि वे अपने आप को दर्शकों के सामने पूरी ईमानदारी से रख सकें।