नई दिल्ली, 3 फरवरी। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अमेरिका की ओर से भारत पर थोपे गए टैरिफ में कटौती किए जाने के कदम को प्रधानमंत्री मोदी के पराक्रम का नतीजा बताया।
उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बुधवार को कहा कि इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि इससे आगामी दिनों में भारत की आर्थिक दशा पर सकारात्मक असर पड़ेगा। व्यापारिक गतिविधियों को भी नई तेजी मिलेगी।
शाहनवाज हुसैन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि उन्हें इस बात के बारे में अच्छे से पता है कि आगामी दिनों में उन्हें हार का मुंह देखना होगा, इसलिए वो अब अपनी विसंगतियों को छुपाने के लिए चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ रही हैं। लेकिन, मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि इससे कुछ भी प्राप्त होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को यह बात समझ लेनी चाहिए कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री सम्मानित नेता हैं। दोनों वरिष्ठ नेता जहां कहीं भी जाते हैं, उनका स्वागत रेड कार्पेट से ही किया जाता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी वही सम्मान दिया जाता है, जो किसी दूसरे राज्य के सीएम को दिया जाता है। लेकिन, यह दुर्भाग्य की बात है कि वो पुलिस प्रशासन से उलझ रही हैं। ऐसा करके वो राजनीति के क्षेत्र में खुद की प्रासंगिकता को समाप्त करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसा करने के बाद उनके पास सवाल करने का कोई नैतिक हक नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संजय राउत को बोलने की बीमारी हो चुकी है और वो हर मुद्दे पर बोलते हैं। ऐसा करके वो उसे राजनीति चोगा पहनाने की कोशिश करते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि संजय राउत, अजित पवार की दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हुई मौत का भी राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। अब कोई सामने आकर राजनीति करने की कोशिश कर रहा है, तो ऐसी स्थिति में मैं यही कहना चाहूंगा कि उन्हें बोलने की बीमारी हो चुकी है।
शाहनवाज हुसैन ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर कहा कि यह एक अच्छा कदम है। इसे भारत की जीत के रूप में देखना चाहिए। इससे हमारी आर्थिक गतिविधियों को नई तेजी मिल रही है। इसे लेकर व्यापारियों में भी उत्साह का माहौल है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है।