जेल से आकर बाहुबली अनंत सिंह ने ली विधायक पद की शपथ, नीतीश के छुए पैर, फिर जाएंगे बेऊर जेल

बिहार : अनंत सिंह विधानसभा पहुंचकर विधायक पद की शपथ ली, नीतीश के पैर छूकर लिया आशीर्वाद


पटना, 3 फरवरी। मोकामा से निर्वाचित विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ग्रहण कर ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

बाहुबली विधायक के रूप में चर्चित अनंत सिंह को पटना सिविल कोर्ट ने विधानसभा में शपथ लेने की अनुमति दी थी। इसके बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें विधानसभा लाया गया। विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने के बाद उन्होंने विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दुलारचंद यादव हत्याकांड में उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है।

कोर्ट ने शपथ समारोह के अलावा किसी भी अन्य गतिविधि में शामिल होने की अनुमति नहीं दी है। शपथ के बाद उन्हें वापस बेऊर जेल भेजा जाएगा। अनंत सिंह को जेल से विधानसभा तक लाने और वापस ले जाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। एस्कॉर्ट वाहन और क्विक रिस्पॉन्स टीम को तैनात किया गया था। विधानसभा परिसर के अंदर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहा। उनके समर्थकों के किसी भी तरह के जमावड़े पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी।

पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। जीत के बाद अनंत सिंह शपथ न ले पाने के कारण सदन से बाहर थे। मंगलवार को शपथ लेने के साथ ही उनकी विधायकी औपचारिक रूप से शुरू हो गई।

मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शपथ लेने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि अदालत की अनुमति मिलने के बाद ही वे विधानसभा पहुंचे हैं। अनंत सिंह ने न्यायालय पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि जेल से बाहर आना उनके हाथ में नहीं है। उन्होंने कहा कि जब जज साहब चाहेंगे, तभी वे जेल से बाहर आएंगे। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,155
Messages
14,192
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top