संजय मिश्रा भावुक होकर बोले: "इरफान खान हमारे गुरु थे, NSD में उन्हें देखकर हमने बहुत कुछ सीखा"

गुरु इरफान खान को याद कर भावुक हुए संजय मिश्रा, कहा- 'एनएसडी में हमने उन्हें देखा, सीखा और महसूस किया'


मुंबई, 2 फरवरी। भारतीय अभिनेता संजय मिश्रा अपने सशक्त किरदारों के लिए जाने जाते है। फिल्मों में उनकी मौजूदगी चाहे कितनी भी छोटी क्यों न हो, वह हमेशा दर्शकों के दिलों में छाप छोड़ जाती है। उनकी यह खासियत उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम दिलाती है। हाल ही में, संजय मिश्रा, नीना गुप्ता और कुमुद मिश्रा ने अपनी आने वाली फिल्म 'वध 2' के प्रमोशन के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का दौरा किया।

तीनों इसी संस्थान के छात्र रह चुके हैं। इस दौरान संजय दिवंगत अभिनेता इरफान खान को याद कर भावुक हो गए।

संजय मिश्रा ने अपने एनएसडी के दिनों को याद करते हुए कहा, ''मैंने अपनी अधिकांश शिक्षा केवल क्लासरूम की पढ़ाई से नहीं, बल्कि वरिष्ठ कलाकारों को देखकर सीखी।''

इरफान खान का जिक्र करते हुए संजय ने आगे कहा, ''मुझे खुद नहीं पता कि एनएसडी में मैंने क्या सीखा या क्या नहीं सीखा, लेकिन मेरे पास इरफान भाई जैसे लोग थे। इरफान और अन्य वरिष्ठ कलाकारों को बस ध्यान से देखना ही बड़ी सीख होती थी। इरफान का अभिनय इतना अद्भुत था कि कभी-कभी सोचते हुए लगता था कि वह अभिनय कब शुरू करेंगे। यह स्तर ही अलग था और केवल देख कर सीखने लायक था।''

संजय मिश्रा ने कहा, ''वीरेंद्र सक्सेना, अंकुर जी, रॉबिन दास और अनुप दा जैसे नाम मेरे लिए प्रेरणा और सीखने का स्रोत रहे हैं।''

फिल्म की बात करें, तो लव रंजन और अंकुर गर्ग की लव फिल्म्स के बैनर तले बनी 'वध 2' को जसपाल सिंह संधू ने लिखा और निर्देशित किया है। इसमें संजय मिश्रा और नीना गुप्ता मुख्य भूमिकाओं में हैं।

हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें संजय मिश्रा एक जेल गार्ड शंभूनाथ के किरदार में नजर आए। वहीं, नीना गुप्ता जेल की एक कैदी मंजू सिंह की भूमिका में दिखाई दी। कहानी में उस वक्त नया मोड़ आता है, जब जेल से एक कैदी गायब हो जाता है। वह कैदी कहां गया, इसके बारे में किसी को पता नहीं होता। कहानी इसी पर आधारित है।

56वें आईएफएफआई 2025 में फिल्म के गाला प्रीमियर स्क्रीनिंग के बाद इसको लेकर उत्साह बढ़ गया है। यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,337
Messages
16,374
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top