रांची में दर्दनाक हादसा: तीन सदस्यों ने की सामूहिक आत्महत्या की कोशिश, युवक की मौत, मां-बेटी गंभीर

रांची में एक परिवार के तीन लोगों ने की आत्महत्या की कोशिश, युवक की मौत, मां-बेटी गंभीर


रांची, 2 फरवरी। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मां और बहन ने भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मिहिर के रूप में की गई है। उसने अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलने पर जब तक स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था। वह चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई कर रहा था, और चर्चा है कि उसकी नौकरी एक कॉरपोरेट कंपनी में लगी थी।

मिहिर की मां स्नेहा अखौरी और उसकी 14 वर्षीय बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। स्नेहा अखौरी पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल शहर के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल दोनों की स्थिति नाजुक बनी है।

घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घर के आसपास मौजूद लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मां और बेटी के होश में आने के बाद ही स्थिति को लेकर ठोस जानकारी मिल सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
3,496
Messages
3,528
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top