भारत वैश्विक विकास का मुख्य इंजन बना, दुनिया की जीडीपी वृद्धि में हिस्सेदारी 17 प्रतिशत तक पहुंची : निर्मला सीतारमण

भारत वैश्विक विकास का मुख्य इंजन बना, दुनिया की जीडीपी वृद्धि में हिस्सेदारी 17 प्रतिशत तक पहुंची : निर्मला सीतारमण


नई दिल्ली, 2 फरवरी। भारत वैश्विक विकास का मुख्य इंजन बना हुआ है और दुनिया की जीडीपी वृद्धि में देश की हिस्सेदारी बढ़कर 17 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह बयान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से दिया गया।

वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि अरबपति कारोबारी एलन मस्क की ओर से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का एक चार्ट शेयर किया गया था, जिसमें बताया गया था कि दुनिया की जीडीपी वृद्धि में भारत और चीन की हिस्सेदारी 43 प्रतिशत है।

केंद्रीय बजट 2026-27 को पेश करने के बाद संसद में छात्रों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने मस्क की पोस्ट का हवाला देते हुए आईएमएफ के आंकड़ों पर बातचीत की।

चार्ट में बताया गया कि दुनिया की जीडीपी वृद्धि में चीन का योगदान 26 प्रतिशत है, जबकि भारत का योगदान 17 प्रतिशत है। एशिया की दोनों उभरती हुई अर्थव्यवस्थाएं दुनिया की जीडीपी वृद्धि में अमेरिका को पछाड़ रही हैं।

वित्त मंत्री ने बताया कि यह दिखाता है कि कैसे विश्व में आर्थिक ताकत का केंद्र धीरे-धीरे शिफ्ट हो रहा है। यह भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती को भी दिखाता है।

हालांकि, वित्त मंत्री सीतारमण ने स्वीकार किया कि चीन का योगदान वर्तमान में अधिक है, लेकिन भारत लगातार इस अंतर को कम कर रहा है और उन्होंने देश के दीर्घकालिक विकास पथ पर विश्वास व्यक्त किया।

वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा, "भारत को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि वह अब अपने पड़ोसी देश के साथ वैश्विक जीडीपी वृद्धि में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।"

वित्त मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीयों को अपनी अर्थव्यवस्था पर भरोसा रखना चाहिए, और बताया कि भारत अब वैश्विक आर्थिक विस्तार का केंद्र बिंदु है।

वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि देश एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां उसकी विकास गाथा पर दुनिया भर में ध्यान दिया जा रहा है और चर्चा हो रही है।

एलन मस्क ने वर्ल्ड ऑफ स्टैटिस्टिक्स द्वारा मूल रूप से पोस्ट किए गए चार्ट को साझा करते हुए कहा था कि वैश्विक शक्ति संतुलन बदल रहा है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top