नंदुरबार, 2 फरवरी। महाराष्ट्र के नंदुरबार से सांसद गोवाल पडवी ने जिले के दूर-दराज और आदिवासी इलाकों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की मांग करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से विशेष पहल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आज भी बुनियादी बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद गोवाल पडवी ने आईएएनएस से बताया कि सांसद बनने के बाद से उन्हें लगातार लोगों की शिकायतें और अनुरोध मिल रहे हैं। ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय के लोगों का कहना है कि उनके इलाके में नए बैंक, एटीएम और मिनी बैंक या सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) की सख्त जरूरत है।
उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों में फैला हुआ है, जहां तक पहुंचना भी आसान नहीं है। ऐसे में लोगों को बैंक से जुड़ी छोटी-छोटी सेवाओं के लिए भी लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ता है।
गोवाल पडवी ने यह भी बताया कि इस वजह से कई लोग केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पाते हैं। समय पर खाते में पैसा न निकल पाना, दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी न हो पाना और जानकारी की कमी जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।
सांसद पदवी ने कहा कि लोगों की इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्होंने अगस्त 2025 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की थी और उन्हें एक पत्र सौंपकर नंदुरबार जिले में बैंकिंग सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर इस दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नंदुरबार जिले में नए बैंक, एटीएम और मिनी बैंक की व्यवस्था पूरी तरह से की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलने से आदिवासी और ग्रामीण इलाकों के लोग भी सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।