जम्मू-कश्मीर: गांदरबल पुलिस ने दिखाया कमाल! एक घंटे में अपहृत नाबालिग को सुरक्षित बचाया और आरोपी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर: गांदरबल पुलिस ने एक घंटे में अपहृत नाबालिग को खोजा, एक आरोपी गिरफ्तार


गांदरबल, 1 फरवरी। जम्मू-कश्मीर की गांदरबल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने घटना के महज एक घंटे के भीतर एक नाबालिग लड़के को सकुशल बरामद कर लिया और मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस थाना लार में एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता (नाम गोपनीय) ने बताया कि उसके नाबालिग भतीजे (नाम गोपनीय) का रविवार शाम करीब 6:30 बजे लार क्षेत्र के चानथन गुलाबपोरा स्थित उसके घर के पास से अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है।

शिकायत मिलते ही पुलिस थाना लार में एफआईआर दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई। एसएसपी गांदरबल खालिल अहमद पोस्वाल (जेकेपीएस) के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई तथा तकनीकी और जमीनी स्तर की जांच के चलते अपहृत नाबालिग को घटना के एक घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी इश्फाक अहमद तेली पुत्र अब्दुल जब्बार तेली, निवासी कुरहामा को गिरफ्तार किया। वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरसू चौक के पास से जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गांदरबल पुलिस ने आम जनता की सुरक्षा और संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top