भाजपा नेताओं ने केंद्रीय बजट को बताया समावेशी और दूरदर्शी, ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में निर्णायक कदम

भाजपा नेताओं ने केंद्रीय बजट को बताया समावेशी और दूरदर्शी, ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में निर्णायक कदम


नई दिल्ली, 1 फरवरी। केंद्रीय बजट को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने समावेशी, दूरदर्शी और 'विकसित भारत' के लक्ष्य की दिशा में निर्णायक कदम बताया है।

भाजपा सांसदों और नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ को यह बजट पूरी तरह से प्रतिबिंबित करता है और इसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ इस बजट में साफ तौर पर नजर आता है। बजट में फार्मा सेक्टर पर विशेष ध्यान दिया गया है, जहां निर्यात की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए भी प्रावधान शामिल किए हैं।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर बजट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बेहतर हेल्थकेयर सुविधाएं देश के हर व्यक्ति और हर घर तक पहुंचें।

प्रवीण खंडेलवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट दो शब्दों में समावेशी और निर्णायक कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने की दिशा में तैयार किया गया है। बजट में ट्रेड और इंडस्ट्री को मजबूती देने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं, जिनमें कई वस्तुओं पर कस्टम ड्यूटी हटाना भी शामिल है। फार्मा सेक्टर को नया प्रोत्साहन मिला है, वहीं आम नागरिकों के लिए बिजनेस करने में आसानी और जीवन जीने में आसानी बढ़ाने के लिए कई नई पहलें की गई हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि निर्मला सीतारमण नौवीं बार बजट पेश करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री बन गई हैं, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि देश में इस बजट को लेकर खुशी का माहौल है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री सीतारमण को बधाई देते हुए बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मिलकर बजट को सुना।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। देश में तीन नए आईआईएम की स्थापना के साथ-साथ नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। बिहार को भी इन घोषणाओं का लाभ मिलेगा, जो राज्य के विकास के लिहाज से बेहद सकारात्मक और खुशी की बात है।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कर्तव्य भवन में पेश किए गए पहले बजट में हर मुद्दे को प्रथम कर्तव्य और द्वितीय कर्तव्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के तहत यह बजट देश के हर वर्ग पर केंद्रित है। टैक्सपेयर्स को राहत देने के लिए बजट में कई प्रावधान किए गए हैं और आने वाले दिनों में जीएसटी व्यवस्था को सरल बनाने पर काम किया जाएगा।

रवींद्र चव्हाण ने आगे कहा कि बजट में टेक्सटाइल और मत्स्य कारोबार से जुड़े क्षेत्रों को राहत देने की बात कही गई है। इसके अलावा, कई विकास कार्यों को लेकर वित्त मंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।

उन्होंने बताया कि इस बजट में कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को लेकर भी सहूलियत देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को दर्शाता है और देश को विकास की नई दिशा देने वाला साबित होगा।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
9,547
Messages
9,584
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top