चोट से उबरकर तिलक वर्मा की वापसी, टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंडिया-ए के वार्म-अप में होगी अग्निपरीक्षा

टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंडिया-ए के वार्म-अप मैच खेल सकते हैं तिलक वर्मा


नई दिल्ली, 31 जनवरी। बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा के मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल होने से पहले यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के खिलाफ इंडिया-ए के वार्म-अप मुकाबले में खेलने की संभावना है। आगामी वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी।

23 वर्षीय तिलक इस महीने की शुरुआत में पेट के निचले हिस्से की सर्जरी के बाद रिहैब के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में थे। शुरुआत में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो टी20 मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाना था, लेकिन वर्ल्ड कप के लिए उनकी उपलब्धता के मद्देनजर ऐसा नहीं किया गया।

'आईएएनएस' को एक सूत्र ने बताया, "तिलक ने अपनी मैच फिटनेस को टेस्ट करने के लिए शुक्रवार को सीओई में एक सिमुलेशन मैच खेला। इसके परिणामस्वरूप, वह 2 फरवरी को डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूएसए के विरुद्ध इंडिया-ए के वार्म-अप मैच में खेलेंगे। अगर सब ठीक रहा, तो वह 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच से पहले मुख्य भारतीय टीम में शामिल हो जाएंगे।"

हालांकि, बीसीसीआई की ओर से इंडिया 'ए' टीम की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन यह समझा जाता है कि टीम में तेज गेंदबाज मयंक यादव को शामिल किया जा सकता है। वह लगभग एक साल तक पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण बाहर रहे थे, उन्हें पिछले साल न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में सर्जरी की जरूरत पड़ी थी और वह लंबे समय से सीओई में अपने रिहैब और एक्सरसाइज पर ध्यान दे रहे हैं।

चोट के कारण आईपीएल 2025 में सीमित मैच खेलने के बावजूद, लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए रिटेन किया है। इस मामले से परिचित एक अन्य सूत्र ने कहा, "हां, मयंक को वार्म-अप मुकाबलों के लिए शामिल किया गया है, क्योंकि वह अब पूरी तरह से फिट हैं। वह नियमित रूप से गेंदबाजी कर रहे हैं और शुक्रवार को सीओई में सिमुलेशन मैच में भी खेले थे।"

बैटिंग ऑलराउंडर रियान पराग फिलहाल कंधे की चोट से उबर रहे हैं, उन्होंने भी सीओई में सिमुलेशन मैच में हिस्सा लिया, जिसके बाद उनके इंडिया ए टीम में शामिल होने की उम्मीद है। पहले, आयुष बडोनी और प्रियांश आर्य को मुंबई के खिलाफ जारी रणजी ट्रॉफी मैच के लिए दिल्ली की टीम से रिलीज किए जाने के बाद टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मुकाबले के लिए इंडिया-ए टीम का हिस्सा बनने की पुष्टि हुई थी। बडोनी को इंडिया-ए का कप्तान बनाया जा सकता है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top