ग्रेटर नोएडा में हत्या की गुत्थी सुलझी, चार आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में हत्या की गुत्थी सुलझी, चार आरोपी गिरफ्तार


ग्रेटर नोएडा, 30 जनवरी। ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 13 दिनों में पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।

घटना के सफल अनावरण पर डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 जनवरी 2026 को पीड़ित द्वारा थाना बादलपुर में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई थी कि उसके चाचा कृष्णपाल पुत्र स्वर्गीय समर सिंह तथा गांव के ही सुंदर पुत्र भोरन लाल खेतों में गेहूं की रखवाली करने गए थे।

इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया गया, जिसमें कृष्णपाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुंदर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दो स्थानीय पुलिस टीमों और सीआरटी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में 30 जनवरी 2026 को राजतपुर अंडरपास के पास से चार अभियुक्तों मनीष, अमित, आकाश और अभिषेक उर्फ सेकु को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन सभी अभियुक्त बम्बावड रोड पर शराब का सेवन कर रहे थे। शराब पीने के बाद जब वे गांव कुड़ीखेड़ा की ओर जा रहे थे, तभी बुलेट मोटरसाइकिल के तेज साइलेंसर की आवाज को लेकर मृतक कृष्णपाल ने अभियुक्त मनीष को टोका। इसी बात पर कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर अभियुक्त मनीष ने कृष्णपाल को जोरदार मुक्का मारा, जिससे वह गिर पड़ा और सिर ईंटों पर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद ईंट से सुंदर पर भी हमला किया गया। घटना के बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गए। लेकिन उससे पहले उन्होंने इस हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने की पूरी कोशिश की थी। पुलिस ने अभियुक्त मनीष के कब्जे से एक टूटा हुआ सैमसंग मोबाइल फोन और अभियुक्त अमित के पास से मृतक कृष्णपाल का आधार कार्ड बरामद किया है।
 

Forum statistics

Threads
9,241
Messages
9,276
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top