झारखंड: बोकारो में सनसनी! झाड़ियों में मिला अज्ञात महिला का शव, पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या की आशंका

झारखंड : बोकारो में झाड़ियों में मिला महिला का शव, पत्थर से कुचलकर हत्या की आशंका


बोकारो, 30 जनवरी। झारखंड के बोकारो शहर में सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में झाड़ियों में शुक्रवार को एक अधेड़ उम्र की अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के समीप कुछ लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर गई, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। महिला की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि मृतका के पहनावे और रहन-सहन से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है, हालांकि पहचान होने के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही हाल के दिनों में विभिन्न थानों में दर्ज लापता महिलाओं के मामलों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि हत्या में प्रयुक्त किसी वस्तु या अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का पता लगाया जा सके। डॉग स्क्वायड की मदद से भी संभावित अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
2,646
Messages
2,678
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top