पटना, 30 जनवरी। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मौत पर सियासत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जेडीयू के राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने कहा कि ममता बनर्जी और विपक्ष के कुछ नेता जानबूझ कर इस पर राजनीति कर रहे हैं, जो सही नहीं है।
सांसद संजय कुमार झा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "जिस तरह से उनका निधन हुआ वह बहुत दुखद है। शरद पवार ने भी एक बयान जारी किया है, जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि इस पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसके बाद भी कुछ लोग कर रहे हैं जो देश के लिए सही नहीं है।"
उन्होंने कहा कि इस मामले में ध्यान देना चाहिए कि चार्टर्ड प्लेन की जांच हो, कैसे लोगों को दिया जाता है और इसका रखरखाव कैसे होता है। इसको जो लोग चलाते हैं, वे कैसे काम करते हैं? जब तक पूरे मामले की जांच नहीं होगी, तब तक इसकी सही जानकारी सबके सामने नहीं आने वाली है। इसीलिए इस पर सरकार को भी एक बार ध्यान देना चाहिए। इसकी एसओपी पर ध्यान देने की जरूरत है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सांसद संजय कुमार झा ने कहा, "विपक्ष ने कोई काम नहीं किया है। हजारों साल का इतिहास देख लीजिए, सिर्फ एक आदमी ने महिलाओं के लिए काम किया है और उनका नाम नीतीश कुमार है। विपक्ष को भी पता है। नीतीश कुमार के कार्यकाल से पहले बिहार में महिलाओं की क्या स्थिति थी, इसके बारे में सभी को जानकारी है।"
उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग जानकर इस तरह की राजनीति करते हैं जिससे बिहार का माहौल खराब हो, लेकिन उनको नहीं पता है कि बिहार की जनता अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। जनता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विश्वास कर रही है और उनके साथ ही खड़ी है। विपक्ष को भी समझना चाहिए कि इससे कुछ होने वाला नहीं है।
संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार की महिलाएं आज राजनीति में आ रही हैं। जीविका समूह से जुड़कर अपने परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है।