टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8: साउथ अफ्रीका को धूल चटाने के लिए ये 3 खिलाड़ी बनेंगे टीम इंडिया के ब्रह्मास्त्र

टी20 वर्ल्ड कप: ये 3 खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगा सकते हैं टीम इंडिया की नैया पार


नई दिल्ली, 21 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत की भिड़ंत साउथ अफ्रीका के साथ होगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया अपने विजय रथ को सुपर-8 राउंड में भी जारी रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। आइए, उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जो इस अहम मुकाबले में अपने दमदार प्रदर्शन के बूते जीत दिला सकते हैं।

ईशान किशन: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन का प्रदर्शन इस विश्व कप में अब तक कमाल का रहा है। ईशान 4 मैचों में 202 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 176 रन बना चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ईशान ने सिर्फ 44 गेंदों में 77 रनों की दमदार पारी खेली थी। ईशान पावरप्ले में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ सकते हैं। अहमदाबाद में टीम इंडिया को ईशान से एक बार फिर धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

हार्दिक पांड्या: साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच में हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। हार्दिक के पास नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेलने का काफी अनुभव है। आईपीएल में हार्दिक गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। हार्दिक इस विश्व कप में भी बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। भारतीय टीम हार्दिक से साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

वरुण चक्रवर्ती: वरुण चक्रवर्ती साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित होते हैं। भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट निकालने के मामले में वरुण दूसरे नंबर पर हैं। वरुण 8 मैचों में प्रोटियाज टीम के खिलाफ 22 विकेट निकाल चुके हैं। टी20 विश्व कप 2026 में भी वरुण ने भारत की ओर से अब तक सर्वाधिक विकेट हासिल किए। वरुण 4 मैचों में कुल 9 विकेट निकाल चुके हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top