कल से दो दिवसीय गोवा यात्रा पर नितिन नवीन, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर फोकस

कल से दो दिवसीय गोवा यात्रा पर नितिन नवीन, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर फोकस


नई दिल्ली, 29 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार से दो दिवसीय गोवा यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा पार्टी के बूथ-स्तर संगठन को मजबूत करने और राज्य में आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालने के बाद पश्चिम बंगाल के बाद गोवा उनकी दूसरी राज्य यात्रा होगी।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ. संजय मयूख द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नितिन नवीन 30 जनवरी शुक्रवार को सुबह 10.35 बजे मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, पणजी पहुंचेंगे। यहां वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत होगा। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे वे राज्य भाजपा कार्यालय, पणजी में राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर 1.25 बजे वे मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के आवास, अल्टिन्हो पहुंचेंगे। दोपहर 3.00 बजे होटल ताज विवांता, पणजी में गोवा भाजपा विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी।

शाम 4.30 बजे नितिन नवीन वर्ना, दक्षिण गोवा में श्री महालसा नारायणी देवालय में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद शाम 5.15 बजे दक्षिण गोवा जिला कार्यालय, मडगांव में दक्षिण गोवा जिला समिति के साथ बैठक करेंगे। शाम को वे होटल विवांता, पणजी में राज्य पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों और महासचिवों के साथ संवाद करेंगे।

शनिवार को सुबह 9.15 बजे वे कदंबा पठार, ओल्ड गोवा में नए भाजपा कार्यालय निर्माण स्थल का निरीक्षण करेंगे। सुबह 10.15 बजे स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर और भाऊसाहेब बांदोडकर की समाधि स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सुबह 10.50 बजे तालेगांव कम्युनिटी सेंटर, कारंजलेम में बूथ अध्यक्षों और मंडल समितियों के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 1.30 बजे सालिगांव निर्वाचन क्षेत्र में एक कार्यकर्ता के घर पर लंच करेंगे। दोपहर 3.30 बजे मापुसा निर्वाचन क्षेत्र की बूथ समिति की बैठक लेंगे और शाम 4.30 बजे उत्तरी गोवा जिला कार्यालय, मापुसा में उत्तरी गोवा जिला समिति के साथ चर्चा करेंगे।

यह यात्रा गोवा में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की जमीनी पकड़ को और सुदृढ़ करने पर केंद्रित है। गोवा में भाजपा की सरकार डॉ. प्रमोद सावंत के नेतृत्व में कार्यरत है और पार्टी आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह यात्रा राज्य इकाई को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और संगठन को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top