झारखंड: निकाय चुनाव बैलेट से कराने पर भाजपा का विरोध, आदित्य साहू बोले- सत्ता के दुरुपयोग की आशंका

झारखंड: निकाय चुनाव बैलेट से कराने पर भाजपा का विरोध, आदित्य साहू बोले- सत्ता के दुरुपयोग की आशंका


रांची, 27 जनवरी। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य में नगर निकायों के चुनाव बैलेट पेपर से कराने पर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके जरिए सत्ता का दुरुपयोग करने की तैयारी चल रही है।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के लंबे आंदोलन और न्यायालय के कड़े निर्देशों के बाद राज्य सरकार दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव कराने को मजबूर हुई है, लेकिन चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की पूर्व तैयारी स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 48 नगर निकायों में चुनाव की घोषणा तो कर दी है, परंतु जिस तरीके से बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है, उससे सरकार की नीयत पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की मांग थी कि वर्ष 2018 की तरह इस बार भी दलीय आधार पर और ईवीएम से निकाय चुनाव कराए जाएं, लेकिन सीएम हेमंत सोरेन की सरकार इस पर सहमत नहीं हुई।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन को अपने कमजोर होते जनाधार का भय सता रहा है। राज्य सरकार की विफलताएं बड़े पैमाने पर उजागर हो रही हैं और विधि-व्यवस्था की स्थिति बदतर बनी हुई है। ऐसे में सरकार दलीय आधार पर चुनाव कराकर संभावित हार स्वीकार करने की स्थिति में नहीं है और इसी कारण बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। ऐसे हालात में निकाय चुनावों में भी पुलिस प्रशासन के माध्यम से अपने चहेतों को जिताने की कोशिश की जा सकती है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयुक्त से आग्रह किया कि चुनाव प्रक्रिया को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश स्तर पर चुनाव में होने वाली किसी भी संभावित गड़बड़ी पर कड़ी नजर रखेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन सरकार का 'टूलकिट' बनने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,931
Messages
8,963
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top