सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं


पटना, 25 जनवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया और कहा कि उनकी कुर्बानियों को भुलाया नहीं जा सकता है।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि भारतीय गणतंत्र के गौरव, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सपूतों को भी स्मरण करने का यह दिवस है। यह हमारे लोकतंत्र के जश्न मनाने और हमारे संविधान में शामिल विचारों एवं मूल्यों को संजोने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा गणतंत्र लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संविधान के प्रति अखंड निष्ठा और हमारी अनेकता में एकता की अभिव्यक्ति का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हम सबको अपनी आजादी, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने का आज संकल्प लेना है। राज्य में आपसी भाईचारा, शांति एवं सद्भाव बनाए रखना है। शांति और सद्भाव में ही समृद्धि और प्रगति है।

इधर, बिहार में गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पटना के गांधी मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। गांधी मैदान में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान झंडोत्तोलन करेंगे। इस बार बिहार के विकास को दिखाती 12 तरह की झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी। अलग-अलग विभाग की झांकियां अपना-अपना प्रदर्शन करेंगी।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में कला संस्कृति, पर्यटन विभाग, परिवहन विभाग, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, जीविका ग्रामीण विकास, ऊर्जा विभाग, सहकारिता विभाग, अग्निशमन विभाग, और कृषि विभाग की झांकियां इस बार लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, और मद्य निषेध विभाग की ओर से तैयार झांकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में अस्थायी थाना और अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे परिसर पर नजर रखने के लिए कुल 18 वॉच टावर लगाए गए हैं, जिनमें आठ स्थायी और 10 अस्थायी वॉच टावर शामिल हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,877
Messages
8,909
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top