आधुनिक युद्ध क्षेत्र और समुद्र में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए भारतीय नौसेना ने एक ऐसा कदम उठाया है, जो भविष्य की सैन्य तकनीक को पूरी तरह से बदलकर रख देगा।
17 मार्च 2026 को शुरू किए गए ADITI 4.0 (Acing Development of Innovative Technologies with iDEX) फ्रेमवर्क के तहत, नौसेना ने "सॉवरेन क्वांटम रडार" (Sovereign Quantum Radar) विकसित करने की एक ऐतिहासिक और महत्वाकांक्षी चुनौती पेश की है।
हाल ही में रक्षा मंत्री द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 'नेशनल डिफेन्स इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव' में लॉन्च किए गए ADITI 4.0 के 25 प्रमुख डीप-टेक प्रोजेक्ट्स में यह सबसे अहम है।
इस महात्वाकांक्षी "मूनशॉट" (Moonshot) प्रोजेक्ट का सीधा लक्ष्य एक ऐसा अभेद्य रडार तैयार करना है, जो दुश्मन के अत्याधुनिक 'स्टील्थ' (Stealth) लड़ाकू विमानों और ड्रोन्स को आसानी से ट्रैक कर सके।
इस स्वदेशी तकनीक को विकसित करने वाले विजेता स्टार्टअप या MSME को सरकार की ओर से ₹25 करोड़ तक की भारी-भरकम फंडिंग दी जाएगी।
इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 मई 2026 तय की गई है।
क्वांटम तकनीक: रडार की दुनिया का नया 'ब्रह्मास्त्र'
इस जटिल तकनीक को आसान शब्दों में समझें, तो मौजूदा पारंपरिक रडार रेडियो तरंगें (Radio Waves) फेंकते हैं।जब ये तरंगें किसी वस्तु (जैसे दुश्मन के विमान) से टकराकर वापस लौटती हैं, तो रडार स्क्रीन पर उसकी तस्वीर उभर आती है।
लेकिन चीन का J-20 या अमेरिका का F-35 जैसे अत्याधुनिक 'स्टील्थ' विमानों को इस तरह से आकार दिया जाता है और उन पर ऐसा पेंट होता है कि वे इन रडार तरंगों को या तो सोख लेते हैं या दूसरी दिशा में मोड़ देते हैं। इससे वे पारंपरिक रडार के लिए लगभग 'अदृश्य' हो जाते हैं।
यहीं पर भारतीय नौसेना का 'क्वांटम रडार' एक गेम-चेंजर साबित होगा। यह रेडियो तरंगों के बजाय 'क्वांटम इंटैंगलमेंट' (Quantum Entanglement) के सिद्धांत पर काम करता है।
इसमें आपस में उलझे हुए 'फोटॉन' (प्रकाश के कणों) का इस्तेमाल होता है। यह तकनीक तरंगों के टकराकर लौटने का इंतज़ार नहीं करती, बल्कि जब भी कोई वस्तु (चाहे वह स्टील्थ विमान ही क्यों न हो) इन फोटॉन के क्षेत्र से गुजरती है, तो उनकी अवस्था में एक सूक्ष्म हलचल पैदा होती है।
क्वांटम रडार तुरंत इस हलचल को पकड़ लेता है। यानी, दुश्मन चाहे कितना भी छिपने की कोशिश करे, क्वांटम रडार की पैनी नजर से बचना नामुमकिन है।
इलेक्ट्रॉनिक युद्ध में 'अभेद्य' (Unjammable) ढाल
आधुनिक युद्ध में दुश्मन अक्सर हमारे रडार को 'जाम' (Jamming) करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्पेक्ट्रम में फर्जी सिग्नल भेजकर कन्फ्यूजन पैदा करते हैं।लेकिन क्वांटम रडार की सबसे बड़ी ताकत यह है कि इसे जाम करना सैद्धांतिक रूप से नामुमकिन है।
यदि कोई दुश्मन इसके क्वांटम सिग्नल के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा, तो क्वांटम कणों का आपसी संपर्क (Correlation) तुरंत टूट जाएगा।
इससे सिस्टम को तुरंत पता चल जाएगा कि कोई छेड़छाड़ (Tampering) हो रही है। इस खूबी के कारण इसे एक 'अनजैमेबल' (Unjammable) प्रणाली माना जा रहा है।
लैब के बाहर असली जंग की तैयारी
भारतीय नौसेना का विजन सिर्फ इस तकनीक को प्रयोगशाला तक सीमित रखना नहीं है।ADITI 4.0 के तहत स्पष्ट निर्देश हैं कि यह सिस्टम वास्तविक और कठोर सैन्य परिस्थितियों में काम करने लायक होना चाहिए।
- खराब मौसम को मात: समुद्र में होने वाली भारी बारिश, घने कोहरे और समुद्री लहरों की फुहारों (Sea Spray) को भेदकर सटीक जानकारी देना इस रडार के लिए अनिवार्य होगा।
- कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) से जुड़ाव: यह रडार कोई अलग-थलग पड़ा उपकरण नहीं होगा, बल्कि इसे नौसेना के 'कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम' के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा। इससे मिलने वाला रियल-टाइम डेटा सीधे तौर पर नौसेना के आक्रामक (Offensive) और रक्षात्मक डिफेन्स (Defence) ऑपरेशंस में त्वरित फैसले लेने के काम आएगा।
पूर्ण स्वदेशी (Sovereign) नियंत्रण
इस प्रोजेक्ट के नाम में जुड़ा "सॉवरेन" (Sovereign) शब्द बेहद महत्वपूर्ण है।इसका मतलब है कि भारत भविष्य की इस सबसे उन्नत तकनीक—क्वांटम एल्गोरिदम और हार्डवेयर—पर किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं रहना चाहता। इन पर पूर्ण रूप से स्वदेशी नियंत्रण होगा।
जहां पारंपरिक रडार तकनीक अब अपनी चरम सीमा पर पहुंच रही है और दुश्मन के स्टील्थ व इलेक्ट्रॉनिक हमलों के आगे बेबस हो रही है, वहीं यह क्वांटम पहल भारतीय सैन्य डिफेन्स (Defence) के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी।
यह प्रोजेक्ट न केवल भारत की 'आत्मनिर्भरता' का प्रतीक है, बल्कि यह भविष्य के युद्ध क्षेत्र में भारतीय नौसेना को एक अभूतपूर्व और अजेय तकनीकी बढ़त दिलाएगा।