ट्रंप अमेरिकी लोकतांत्रिक संस्थानों को खोखला कर रहे हैं: पूर्व गवर्नर की बड़ी चेतावनी, न्याय व्यवस्था पर सवाल

ट्रंप अमेरिकी संस्थानों में भरोसा कमजोर कर रहे हैं: न्यू जर्सी के पूर्व गवर्नर


वॉशिंगटन, 14 मार्च। अमेरिका के न्यू जर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के कदम अमेरिकी संस्थानों में लोगों के भरोसे को कमजोर कर रहे हैं। उनका कहना है कि न्याय विभाग के राजनीतिकरण से देश की कानूनी व्यवस्था पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है।

पॉडकास्ट द फिफ्थ कॉलम में बातचीत के दौरान क्रिस्टी ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल की सबसे चिंताजनक बात यह है कि इससे अमेरिकी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी संस्थाओं को नुकसान पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा, “इस प्रशासन की सबसे विनाशकारी बात यह है कि उसने न्याय विभाग के साथ जो किया है। मुझे नहीं लगता कि इसके आसपास भी कोई दूसरी चीज है।”

दो बार न्यू जर्सी के गवर्नर रह चुके क्रिस्टी ने कहा कि अगर लोगों के मन में यह धारणा बन जाती है कि अभियोजन राजनीतिक आधार पर हो रहे हैं, तो इससे कानून के शासन पर जनता का विश्वास गंभीर रूप से कमजोर हो सकता है।

उन्होंने कहा, “अगर लोगों के मन में यह बैठ जाए कि किसी अभियोजक के फैसले तथ्यों के बजाय उसकी पार्टी से तय होते हैं, तो उस भरोसे को दोबारा कैसे बहाल किया जाएगा?”

क्रिस्टी के अनुसार न्याय विभाग की विश्वसनीयता बहाल करने में काफी समय और राजनीतिक प्रयास लगेगा। उन्होंने कहा कि अगर इसे पूरी तरह सुधारना है तो कम से कम दो कार्यकाल लग सकते हैं।

पूर्व गवर्नर ने कहा कि मौजूदा माहौल का असर अदालतों में भी दिखाई देने लगा है, जहां जज अब सरकार के दावों को पहले की तरह सहज रूप से स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

क्रिस्टी ने रिपब्लिकन पार्टी की आंतरिक राजनीति की भी आलोचना करते हुए कहा कि कई नेता सार्वजनिक रूप से ट्रंप का समर्थन इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध का डर रहता है।

उन्होंने कहा, “यह ट्रंप के बारे में कम और ट्रंप के डर के बारे में ज्यादा है। यह डर व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राजनीतिक है।”

क्रिस्टी के मुताबिक, कई रिपब्लिकन नेताओं को आशंका रहती है कि अगर वे ट्रंप का विरोध करेंगे तो वे उनके खिलाफ प्राइमरी चुनाव में किसी दूसरे उम्मीदवार का समर्थन कर सकते हैं, जिससे उनका राजनीतिक करियर खतरे में पड़ सकता है।

हालांकि आलोचना के बावजूद क्रिस्टी ने कहा कि वह अभी रिपब्लिकन पार्टी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं, भले ही पार्टी पिछले कुछ वर्षों में काफी बदल गई हो।

उन्होंने कहा कि अब पार्टी में सिद्धांतों के बजाय ट्रंप के प्रति निष्ठा ही मुख्य आधार बनती जा रही है।

गौरतलब है कि क्रिस्टी 2016 में ट्रंप की राष्ट्रपति पद की ट्रांजिशन टीम के प्रमुख भी रहे थे, लेकिन बाद में वे ट्रंप के सबसे मुखर रिपब्लिकन आलोचकों में शामिल हो गए।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top