अभिषेक बनर्जी ने शशि पांजा के घर हमले को बताया कायरतापूर्ण, भाजपा पर बरसे- पूछा क्या यही है 'नारी सम्मान'?

अभिषेक बनर्जी ने शशि पांजा के आवास पर हुए हमले की निंदा की, भाजपा की संस्कृति पर उठाए सवाल


कोलकाता, 14 मार्च। पश्चिम बंगाल की कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जुबानी हमला किया। अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की कड़ी निंदा की और इसे लोकतंत्र व महिलाओं की सुरक्षा पर हमला बताया।

अभिषेक बनर्जी ने अपने पोस्ट में कहा कि वह मंत्री शशि पांजा पर हुए कायरतापूर्ण और बेहद निंदनीय हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मंत्री के घर में तोड़फोड़ की, उसे बुरी तरह नुकसान पहुंचाया और पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान खुद मंत्री शशि पांजा को भी निशाना बनाया गया। उन पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं, जिससे वह घायल हो गईं। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला उस समय हुआ जब शहर में प्रधानमंत्री की मौजूदगी के कारण भाजपा समर्थक “हौसला बुलंद” होकर खुलेआम हिंसा कर रहे थे।

टीएमसी नेता ने पोस्ट में आगे कहा कि दिनदहाड़े एक कार्यरत कैबिनेट मंत्री पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह बंगाल की हर महिला के सम्मान और सुरक्षा पर हमला है। उन्होंने अपने पोस्ट में 2019 की घटना का भी जिक्र किया। बनर्जी ने कहा कि इससे पहले भी भाजपा की रैली के दौरान समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा को तोड़कर उसका अपमान किया गया था। उनके मुताबिक, यह भाजपा की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है।

भाजपा पर बाहरी ताकतों के जरिए बंगाल की राजनीति को भड़काने का आरोप लगाते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि 'बोहिरागोटो भाजपा जमींदार' उकसावे की राजनीति को राज्य में आयात करना चाहते हैं। उनका मकसद शांति को नष्ट करना और डर का माहौल पैदा करना है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि बंगाल में ऐसी घटनाओं को न तो माफ किया जाएगा और न ही भुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता भाजपा की केसरिया गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top