टोंक, 14 मार्च। राजस्थान के टोंक में लोगों ने उन सभी चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें यह कहा जा रहा है कि सिलेंडर की किल्लत चल रही है। यहां लोगों का कहना है कि उन्हें सिलेंडर आसानी से मिल रहा है। उन्हें कई परेशानी नहीं हुई। कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि उन्होंने चार पांच दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था और उन्हें मिल चुका है।
ग्राहक गिरिराज चौधरी ने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्हें सिलेंडर मिलने में कोई दिक्कत नहीं हुई। सिलेंडर भी आसानी से बुक हो गया। सिलेंडर बुक कराने की दिश में निर्धारित की गई सभी प्रक्रिया आसानी से संपन्न हो गई। किसी भी प्रकार में कोई दिक्कत नहीं हुई।
इमरान ने भी बताया कि उन्हें सिलेंडर लेने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। चार पांच दिन पहले ही उन्होंने सिलेंडर बुक कराया था। उनका आसानी से सिलेंडर बुक हो गया। उन्होंने सिलेंडर को लेकर चल रही ब्लैक मार्केटिंग की चर्चाओं को भी सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि यह बातें झूठी हैं, जिनका सत्यता से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने सिलेंडर की कीमत में हुई वृद्धि को लेकर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि पहले 870 रुपए में सिलेंडर मिल रहा था। अब 930 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है। यह बात सिर्फ मेरे समझ में नहीं आई है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।
एक अन्य ग्राहक ने भी बताया कि उन सभी चर्चाओं का सच्चाई से कोई नाता नहीं है, जिसमें यह कहा जा रहा है कि मौजूदा समय में सिलेंडर की किल्लत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। हमने तीन दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था और अब हमें सिलेंडर मिल गया है। ऐसी स्थिति में जो लोग भी ऐसा कह रहे हैं कि सिलेंडर की किल्लत है, वो बिल्कुल झूठ बोल रहे हैं। सिर्फ एक चीज में बदलाव है। पहले घर में सिलेंडर पहुंचाया जाता था, लेकिन अब हमसे कहा जा रहा है कि हम सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे, तो ज्यादा बेहतर रहेगा।
उन्होंने आगे बताया कि कुछ दिनों पहले ही मेरा सिलेंडर खत्म हो गया था, तो मैंने डीलर से कहा है कि सिलेंडर की किल्लत जैसी बातें चल रही हैं। अगर मुझे ब्लैक में भी सिलेंडर मिल जाए, तो कोई आपत्ति नहीं है। इस पर डीलर ने मुझसे कहा कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं हो सकता है। अगर आपको सिलेंडर चाहिए, तो इसके लिए पहले आपको सिलेंडर बुक कराना होगा, तो यहां पर कुल मिलाकर ब्लैक की कोई संभावना ही नहीं है। नियमों के अनुरूप ही सिलेंडर मिल रहा है। नियमों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा रहा है।
वहीं, ग्राहक देव किशन ने बताया कि मैंने कल ही सिलेंडर बुक कराया था। आज मुझे सिलेंडर मिल गया। हमें कोई दिक्कत नहीं हुई है। बस, मैंने रूल फॉलो करते हुए सिलेंडर बुक कराया और अब मुझे सिलेंडर मिल चुका है। हमें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई।