'अफवाह गांधी' और 'अफवाह यादव' जनता को कर रहे गुमराह: केशव मौर्य का राहुल-अखिलेश पर तीखा हमला

राहुल गांधी और अखिलेश यादव जनता को गुमराह करने से बचें : केशव मौर्य


प्रयागराज, 14 मार्च। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को 'अफवाह यादव' और 'अफवाह गांधी' कहना शुरू कर दिया है। वे अफवाहें फैला रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। वैश्विक संकट के समय एक जिम्मेदार राजनेता को संयमित संदेश देना चाहिए, जिससे यह स्पष्ट हो कि यदि देश किसी खतरे का सामना करता है, तो हम सभी मिलकर उसका सामना करेंगे।

उन्होंने कहा कि देश में कोई संकट भी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन जो 50 से 55 लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग होती थी। इन लोगों के दुष्प्रचार के कारण 75 लाख से अधिक सिलेंडरों की बुकिंग प्रतिदिन होने लगी है। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार करना गंदा खेल है और इसकी मैं निंदा करता हूं। इन दोनों नेताओं को अफवाहबाजी से बाज आना चाहिए।

बता दें कि ईरान की ओर से अनुमति मिलने के बाद एलपीजी लेकर आने वाला दूसरा जहाज 'नंदा देवी' भी होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकल गया है। इससे पहले एलपीजी लेकर आने वाला जहाज 'शिवालिक' भी होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक निकल चुका था।

सरकारी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शिवालिक को भारतीय नौसेना की सुरक्षा में ले जाया जा रहा है और अगले दो दिनों के भीतर इसके किसी भारतीय बंदरगाह पर पहुंचने की उम्मीद है। संभवतः यह मुंबई या कांडला पहुंचेगा। जहाज खुले समुद्र में पहुंच चुका है और भारतीय नौसेना के मार्गदर्शन में सुरक्षित रूप से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि 'नंदा देवी' जहाज 46,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी ले जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, रणनीतिक रूप से संवेदनशील जलक्षेत्र से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दोनों जहाजों को नौसेना की कड़ी निगरानी में रखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बीच माल व ऊर्जा के प्रवाह को लेकर हुई उच्च स्तरीय चर्चा के बाद यह कदम उठाया गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,490
Messages
16,527
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top