ईरान संघर्ष के बावजूद एयर इंडिया की बड़ी पहल: पश्चिम एशिया के लिए 80 उड़ानें जारी, यात्रियों को मिलेगी राहत

पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 80 उड़ानें संचालित करेगा एयर इंडिया समूह


नई दिल्ली, 14 मार्च। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस शनिवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 80 निर्धारित और गैर निर्धारित उड़ानें संचालित करने वाली हैं।

दोनों एयरलाइंस 14 मार्च को जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी-अपनी निर्धारित उड़ानें जारी रखेंगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि एयर इंडिया जेद्दा के लिए कुल 10 उड़ानें संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए 8 निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी।

इसके अलावा, एयर इंडिया दिल्ली से जेद्दा के लिए एक राउंड-ट्रिप और मुंबई से जेद्दा के लिए दो राउंड-ट्रिप संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड और मंगलुरु से जेद्दा के लिए एक-एक उड़ान संचालित करेगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए भी अपनी निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई से एक-एक राउंड-ट्रिप शामिल है।

निर्धारित उड़ानों के अलावा एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के लिए कुल 62 गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी, जो उस समय हवाई अड्डों पर उपलब्ध स्लॉट और अन्य प्रचलित स्थितियों पर निर्भर करेंगी।

एयरलाइन ने कहा कि ये उड़ानें संबंधित भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद संचालित की जा रही हैं। इस बीच इंडिगो ने घोषणा की है कि मध्य पूर्व में तनाव से जुड़े विमानन टर्बाइन ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के मद्देनजर, वह 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ान टिकटों पर ईंधन सरचार्ज लागू करेगी।

एयरलाइन ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्ग के आधार पर सरचार्ज 425 रुपए से 2,300 रुपए के बीच होगा।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब खाड़ी क्षेत्र में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के बीच जेट ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण एयरलाइंस को बढ़ती परिचालन लागत का सामना करना पड़ रहा है।

इससे पहले, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी हवाई टिकटों पर ईंधन सरचार्ज लागू करने की घोषणा की थी। एयरलाइन समूह के अनुसार, घरेलू उड़ानों पर प्रति टिकट 399 रुपए का ईंधन सरचार्ज 12 मार्च से प्रभावी हो गया है। यही अधिभार दक्षिण एशियाई क्षेत्र के डेस्टीनेशन के लिए उड़ानों पर भी लागू होता है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,407
Messages
16,444
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top